CG News: मुख्य सचिव विकासशील ने ली सचिवों की बैठक, योजनाओं की समीक्षा और अधिकारियों को दिए बड़े निर्देश
CG News: छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव विकासशील ने महानदी भवन मंत्रालय में राज्य शासन के सभी विभागों के सचिवों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की. बैठक में सरकार की योजनाओं की प्रगति, विभागीय कार्यों और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई. मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए और उनकी लगातार निगरानी की जाए.
रिटायरमेंट प्रकरणों पर दो साल पहले तैयारी के निर्देश
मुख्य सचिव विकासशील ने कहा कि शासकीय अधिकारी और कर्मचारियों के सेवानिवृत्त होने से जुड़े मामलों का निपटारा समय पर किया जाना चाहिए. उन्होंने निर्देश दिए कि सेवानिवृत्ति से कम से कम दो वर्ष पहले ही पेंशन, सेवा संबंधी दस्तावेज और अन्य जरूरी प्रक्रियाओं की तैयारी शुरू कर दी जाए. इसके लिए सभी विभागों को अपने यहां सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों की अद्यतन सूची तैयार करने के निर्देश दिए गए.
ऑनलाइन सेवाओं को बढ़ावा देने पर जोर
बैठक में ई-ऑफिस, आधार आधारित उपस्थिति प्रणाली, लोक सेवा गारंटी, सूचना का अधिकार, सेवा सेतु, ई-गजट और अन्य डिजिटल सेवाओं की प्रगति की समीक्षा की गई. मुख्य सचिव ने कहा कि सभी विभागों की योजनाओं और सेवाओं को अधिक से अधिक ऑनलाइन किया जाए, जिससे आम लोगों को सरकारी सुविधाओं का लाभ आसानी से मिल सके.
सरकारी योजनाओं की मॉनिटरिंग तेज करने के निर्देश
मुख्य सचिव ने विभागीय सचिवों को निर्देश दिए कि अपने विभाग की योजनाओं की नियमित समीक्षा करें और जमीनी स्तर पर उनके प्रभाव की जानकारी लेते रहें. बैठक में सुघ्घर छत्तीसगढ़, नियद नेल्लानार योजना, पीएम प्रगति पोर्टल, ई-प्रगति, पीएम सूर्य घर बिजली योजना और ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाओं पर भी चर्चा की गई.
अधिकारियों के प्रशिक्षण पर भी फोकस
बैठक में आई-गॉट पोर्टल के माध्यम से अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रशिक्षण कार्यक्रमों की समीक्षा की गई. मुख्य सचिव ने कहा कि विभागों की जरूरत के अनुसार कर्मचारियों को आवश्यक प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाए, ताकि प्रशासनिक कामकाज में गुणवत्ता और दक्षता बढ़ाई जा सके.
कई विभागों के वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
इस बैठक में वन, गृह, आदिम जाति विकास, महिला एवं बाल विकास, लोक निर्माण, ऊर्जा, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, नगरीय प्रशासन, राजस्व, परिवहन सहित कई विभागों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए. मुख्य सचिव ने सभी अधिकारियों को बेहतर प्रशासन, समयबद्ध कार्य और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए.
