CG News: श्रावणी मेला 2026 के लिए रेलवे की सौगात, इतवारी-मधुपुर स्पेशल ट्रेन चलेगी, रायपुर समेत कई स्टेशनों पर ठहराव
CG News: श्रावणी मेला 2026 के दौरान बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए रेलवे ने विशेष व्यवस्था की है. यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी और मधुपुर के बीच श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया गया है. यह स्पेशल ट्रेन 1 अगस्त से 30 अगस्त तक कुल पांच-पांच फेरे लगाएगी.

हर सप्ताह चलेगी स्पेशल ट्रेन
रेलवे के अनुसार ट्रेन नंबर 08895, इतवारी से मधुपुर के लिए 1 अगस्त से 29 अगस्त तक प्रत्येक शनिवार रवाना होगी. वहीं ट्रेन नंबर 08896, मधुपुर से इतवारी के लिए 2 अगस्त से 30 अगस्त तक प्रत्येक रविवार संचालित की जाएगी. इससे छत्तीसगढ़ और आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं को यात्रा में बड़ी सुविधा मिलेगी.
रायपुर सहित कई स्टेशनों पर ठहराव
इस स्पेशल ट्रेन का ठहराव दुर्ग, रायपुर, भाटापारा, बिलासपुर, चांपा, रायगढ़, बेलपहाड़, ब्रजराजनगर, झारसुगुड़ा, बामड़ा, गारपोस, राजगंगपुर, राउरकेला, हटिया, रांची, मुरी, बोकारो स्टील सिटी, धनबाद और चित्तरंजन सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर रहेगा, इतवारी से मधुपुर जाने वाली ट्रेन सुबह 9:30 बजे रायपुर पहुंचेगी और 9:35 बजे रवाना होगी. वहीं मधुपुर से इतवारी आने वाली ट्रेन सुबह 5:20 बजे रायपुर पहुंचेगी और 5:25 बजे आगे के लिए प्रस्थान करेगी.
कंफर्म टिकट मिलने की संभावना
रेलवे के अनुसार फिलहाल इस स्पेशल ट्रेन में एसी थर्ड और स्लीपर दोनों श्रेणियों में अच्छी संख्या में सीटें उपलब्ध हैं. ऐसे में बाबा धाम की यात्रा की योजना बना रहे श्रद्धालुओं के लिए कंफर्म टिकट मिलने की संभावना काफी बेहतर है.
20 कोच के साथ चलेगी ट्रेन
श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन में कुल 20 कोच लगाए जाएंगे. इनमें 4 एसी थर्ड, 10 स्लीपर, 4 जनरल और 2 एसएलआरडी कोच शामिल होंगे. रेलवे को उम्मीद है कि इस विशेष ट्रेन से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं को सुगम और सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिलेगा.
