CG News: ‘अटेंशन की होड़ में बढ़ रहीं भ्रामक खबरें चिंता का विषय’, रायपुर प्रेस क्लब में बोले जनसंपर्क आयुक्त रजत बंसल
CG News: डिजिटल दौर में तेजी से बदलते मीडिया परिदृश्य और पत्रकारिता की जिम्मेदारियों को लेकर रायपुर प्रेस क्लब के ‘हमर पहुना’ कार्यक्रम में महत्वपूर्ण चर्चा हुई. कार्यक्रम में जनसंपर्क आयुक्त रजत बंसल ने कहा कि अटेंशन हासिल करने की होड़ में भ्रामक खबरों का बढ़ना लोकतंत्र और समाज दोनों के लिए चिंता का विषय बनता जा रहा है. उन्होंने जिम्मेदार और तथ्यपरक पत्रकारिता को समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताया.
तथ्य आधारित पत्रकारिता पर दिया जोर
रजत बंसल ने कहा कि सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव के बीच मीडिया संस्थानों और पत्रकारों की जिम्मेदारी पहले से कहीं अधिक बढ़ गई है. उन्होंने कहा कि खबरों में तथ्य, संतुलन और विश्वसनीयता बनाए रखना ही पत्रकारिता की असली ताकत है. गलत और भ्रामक जानकारी से समाज में भ्रम की स्थिति पैदा होती है, इसलिए जिम्मेदार रिपोर्टिंग बेहद जरूरी है.
मीडिया और प्रशासन के बेहतर समन्वय पर चर्चा
कार्यक्रम में रायपुर नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा भी मौजूद रहे. इस दौरान मीडिया और जनसंपर्क विभाग के बीच बेहतर समन्वय, पारदर्शिता और नियमित संवाद को लेकर विचार साझा किए गए. वक्ताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में मीडिया और प्रशासन के बीच सकारात्मक संवाद की महत्वपूर्ण भूमिका होती है.
पत्रकारिता की चुनौतियों पर हुआ मंथन
कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकारों, प्रेस क्लब के पदाधिकारियों और पत्रकारों ने डिजिटल मीडिया के दौर में पत्रकारिता के बदलते स्वरूप, मीडिया की विश्वसनीयता और पेशेवर मूल्यों पर विस्तार से चर्चा की. साथ ही रायपुर प्रेस क्लब के विकास और पत्रकारों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी सुझाव रखे गए.
जिम्मेदार पत्रकारिता को बताया लोकतंत्र की ताकत
कार्यक्रम में इस बात पर सहमति जताई गई कि तेजी से बदलते सूचना तंत्र के बीच जिम्मेदार, निष्पक्ष और तथ्यपरक पत्रकारिता ही लोकतंत्र को मजबूत बना सकती है. वक्ताओं ने कहा कि मीडिया का दायित्व केवल खबर देना नहीं, बल्कि समाज तक सही और प्रमाणिक जानकारी पहुंचाना भी है.




