CG News: मुख्यमंत्री साय ने आरंग विधानसभा को दी 128 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात
CG News: छत्तीसगढ़ के आरंग विधानसभा क्षेत्र को विकास की बड़ी सौगात मिली है. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नगर पंचायत समोदा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 128 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और भूमिपूजन किया. इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्र के विकास को गति देने के लिए कई नई घोषणाएं भी कीं.
रीवा गांव में बनेगा 4 करोड़ रुपये का स्टॉप डैम
मुख्यमंत्री ने ग्राम पंचायत रीवा में लगभग 4 करोड़ रुपये की लागत से स्टॉप डैम निर्माण की घोषणा की. इसके अलावा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय समोदा में अहाता निर्माण, नगर पंचायत समोदा के पंचायत भवन में प्रथम तल का निर्माण और ग्राम तुलसी के हाई स्कूल को हायर सेकेंडरी विद्यालय में उन्नत करने की भी घोषणा की गई.
सुशासन और विकास पर सरकार का जोर
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि सुशासन, विकास और जनकल्याण राज्य सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी के अधिकांश वादों को सरकार ने पिछले ढाई वर्षों में पूरा किया है. उनके अनुसार, सरकार का लक्ष्य विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है.
आवास, किसानों और महिलाओं के लिए योजनाओं का जिक्र
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में 18 लाख गरीब परिवारों के लिए प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से 10 लाख से अधिक आवास पूरे हो चुके हैं. किसानों से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदा जा रहा है. वहीं महतारी वंदन योजना के तहत अब तक 28 किश्तों में 18 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि महिलाओं के खातों में भेजी जा चुकी है.
520 से ज्यादा सरकारी सेवाएं और हेल्पलाइन सुविधा
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सेवा सेतु के माध्यम से 520 से अधिक शासकीय सेवाएं नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही हैं. साथ ही मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के जरिए शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है. उन्होंने यह भी बताया कि मुख्यमंत्री बिजली बिल समाधान योजना की अवधि तीन महीने के लिए बढ़ा दी गई है और पात्र उपभोक्ता सितंबर तक पंजीयन कर इसका लाभ ले सकते हैं.
छात्राओं को साइकिल, मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने ‘एक पेड़ मां के नाम 2.0’ अभियान के तहत आंवले का पौधा लगाया. उन्होंने सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत कक्षा 9 की छात्राओं को साइकिल वितरित की और जिला प्रशासन के मिशन उत्कर्ष के तहत उत्कृष्ट विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया. कार्यक्रम में मंत्री गुरु खुशवंत साहेब सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे.



