CG News: छत्तीसगढ़ में मानसून-2026 वृक्षारोपण अभियान की होगी समीक्षा, 12 जुलाई को उद्योगों के साथ बैठक करेंगे मंत्री ओ.पी. चौधरी
CG News: छत्तीसगढ़ में मानसून-2026 के दौरान चल रहे वृक्षारोपण अभियान को गति देने के लिए राज्य सरकार ने अहम बैठक बुलाई है. आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी 12 जुलाई को रायपुर में प्रमुख औद्योगिक इकाइयों के वरिष्ठ प्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगे. इस दौरान उद्योगों द्वारा किए जा रहे वृक्षारोपण कार्यों की समीक्षा की जाएगी और आगे की रणनीति तय होगी.
बेबीलॉन कैपिटल में होगी बैठक
यह बैठक 12 जुलाई 2026 को दोपहर 2 बजे रायपुर के बेबीलॉन कैपिटल, जी.ई. रोड में आयोजित होगी. इसमें राज्य की मीडियम और लार्ज स्केल औद्योगिक इकाइयों के प्रेसिडेंट, वाइस प्रेसिडेंट और डायरेक्टर स्तर के प्रतिनिधि शामिल होंगे. बैठक में उद्योगों की पर्यावरणीय जिम्मेदारियों और हरित अभियान में उनकी भागीदारी पर विशेष चर्चा होगी.
वृक्षारोपण और संरक्षण पर रहेगा फोकस
बैठक में मानसून-2026 के दौरान लगाए जा रहे पौधों की संख्या, उनके संरक्षण, रखरखाव, निगरानी व्यवस्था और उद्योगवार एक्शन प्लान की विस्तृत समीक्षा की जाएगी. सरकार चाहती है कि केवल पौधे लगाए ही न जाएं, बल्कि उनके जीवित रहने और नियमित देखभाल की भी प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए.
पहले भी दिए जा चुके हैं निर्देश
इससे पहले 8 जुलाई 2026 को छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल के सदस्य सचिव राजू अगसिमनी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई थी. उस बैठक में औद्योगिक इकाइयों को बड़े स्तर पर वृक्षारोपण करने, पौधों के संरक्षण और पर्यावरणीय दायित्वों का प्रभावी पालन करने के निर्देश दिए गए थे. अब विभागीय मंत्री स्वयं इन तैयारियों और प्रगति की समीक्षा करेंगे.
हरित आवरण बढ़ाने का लक्ष्य
राज्य सरकार का उद्देश्य उद्योगों की सक्रिय भागीदारी से छत्तीसगढ़ में हरित आवरण का विस्तार करना, पर्यावरण संरक्षण को और मजबूत बनाना तथा मानसून-2026 के वृक्षारोपण लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करना है. बैठक में अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए जाएंगे.



