CG News: CM साय 8 जुलाई को करेंगे डूमरतराई के नए थोक बाजार का लोकार्पण, व्यापारियों को मिलेगी आधुनिक सुविधा
CG News: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 8 जुलाई को रायपुर के डूमरतराई स्थित नवीन थोक बाजार का नामकरण और लोकार्पण करेंगे. छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल द्वारा विकसित यह आधुनिक व्यापारिक परिसर प्रदेश के व्यापारियों और आम नागरिकों को समर्पित किया जाएगा.
36 एकड़ में विकसित हुआ आधुनिक परिसर
राष्ट्रीय राजमार्ग-30 के किनारे लगभग 36 एकड़ क्षेत्र में विकसित इस थोक बाजार में व्यापारियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं. परिसर में चौड़ी सड़कें, पर्याप्त पार्किंग, बेहतर यातायात व्यवस्था, आधुनिक व्यापारिक ढांचा और आवश्यक नागरिक सुविधाएं विकसित की गई हैं.
दो चरणों में तैयार हुआ बाजार
परियोजना के पहले चरण में करीब 76 करोड़ रुपये की लागत से 536 व्यावसायिक दुकानें और हॉल बनाए गए. वहीं दूसरे चरण में लगभग 145 करोड़ रुपये की स्वीकृत लागत से 154 स्वतंत्र व्यावसायिक दुकानों का निर्माण किया गया. दोनों चरण पूरे होने के बाद प्रदेश को एक आधुनिक और सुव्यवस्थित थोक व्यापारिक परिसर मिलेगा.
व्यापार और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
सरकार का कहना है कि यह परियोजना प्रदेश में व्यापार, निवेश और औद्योगिक गतिविधियों को नई गति देगी. इसके साथ ही रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे और रायपुर को एक मजबूत एवं सुव्यवस्थित व्यापारिक केंद्र के रूप में नई पहचान मिलेगी.
बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि होंगे शामिल
लोकार्पण समारोह की अध्यक्षता वित्त एवं आवास मंत्री ओ.पी. चौधरी करेंगे. कार्यक्रम में वन मंत्री केदार कश्यप, मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक राजेश मूणत, मोतीलाल साहू, पुरंदर मिश्रा, सुनील सोनी, गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंह देव, रायपुर महापौर मीनल चौबे सहित कई जनप्रतिनिधि, व्यापारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहेंगे.
