CG News: सुकमा के किसान हड़मा राम की बदली खेती, समय पर खाद, बीज और ऋण से खरीफ की तैयारी हुई आसान
CG News: छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में समय पर कृषि ऋण, खाद और उन्नत बीज मिलने से किसान हड़मा राम मरकाम ने खरीफ सीजन की तैयारी बिना किसी परेशानी के पूरी कर ली. जिला प्रशासन की पहल से उन्हें आवश्यक कृषि सामग्री समय पर उपलब्ध हुई, जिससे खेती का काम आसान हो गया.
32 एकड़ में कर रहे हैं खेती
रानीबहाल गांव के प्रगतिशील किसान हड़मा राम मरकाम करीब 32 एकड़ भूमि पर खेती करते हैं. उन्हें छिंदगढ़ सहकारी समिति के माध्यम से 3 लाख 50 हजार रुपये का सब्सिडीयुक्त कृषि ऋण मिला. इस राशि से उन्होंने खाद, उन्नत बीज और अन्य जरूरी कृषि सामग्री खरीदकर समय पर बुवाई की तैयारी पूरी की.
समय पर मिली मदद से दूर हुई चिंता
हड़मा राम मरकाम का कहना है कि समय पर ऋण और कृषि सामग्री मिलने से आर्थिक दबाव कम हुआ और खेती की तैयारी बिना देरी के पूरी हो सकी. उन्होंने इसके लिए राज्य सरकार और जिला प्रशासन के प्रति आभार जताया.
प्रशासन रख रहा है लगातार निगरानी
जिला प्रशासन किसानों को उचित मूल्य पर खाद और बीज उपलब्ध कराने के लिए लगातार निगरानी कर रहा है. कालाबाजारी, अवैध भंडारण और बिचौलियों पर रोक लगाने के लिए प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीमें नियमित निरीक्षण भी कर रही हैं, ताकि किसानों को समय पर आवश्यक संसाधन मिल सकें.
बेहतर उपज की उम्मीद
प्रशासन का कहना है कि समय पर उपलब्ध कराई गई कृषि सुविधाओं से किसानों का भरोसा बढ़ा है और खरीफ सीजन में बेहतर उत्पादन की संभावना भी मजबूत हुई है. इस तरह की पहल किसानों की आय बढ़ाने और खेती को अधिक सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है.
