CG News: मुख्य सचिव की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक, निवेश बढ़ाने और सरकारी सेवाओं को सरल बनाने पर जोर
CG News: छत्तीसगढ़ में निवेश को बढ़ावा देने और सरकारी प्रक्रियाओं को अधिक सरल एवं पारदर्शी बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने अहम कदम उठाया है। मंत्रालय महानदी भवन में मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस (डीरिग्युलेशन एंड फैसिलिटेशन) बिल-2026’ के प्रारूप और नियामकीय सुधारों पर विस्तृत चर्चा की गई।
कारोबार की प्रक्रियाओं को बनाया जाएगा आसान
बैठक में उद्योगों से जुड़ी प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाने पर जोर दिया गया। इसके साथ ही निवेशकों के लिए बेहतर माहौल तैयार करने और सरकारी सेवाओं तक आसान पहुंच सुनिश्चित करने के उपायों की समीक्षा की गई।
‘इन्वेस्ट छत्तीसगढ़’ पोर्टल को मिलेगा विस्तार
बैठक में ‘इन्वेस्ट छत्तीसगढ़’ के तहत विकसित किए जा रहे परिचालन ढांचे पर भी चर्चा हुई। इसके अंतर्गत विभिन्न विभागों की सेवाओं को एकीकृत करने, डिजिटल प्रक्रियाओं को बढ़ावा देने और निवेशकों को सिंगल प्लेटफॉर्म पर सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना पर विचार किया गया।
180 सरकारी सेवाओं का होगा सरलीकरण
प्रस्तावित व्यवस्था के तहत करीब 180 शासकीय सेवाओं को सरल बनाने और 9 विभागों को इस डिजिटल प्रणाली से जोड़ने की योजना पर मंथन हुआ। इससे नागरिकों और उद्योगों दोनों को सेवाएं तेजी और पारदर्शिता के साथ मिल सकेंगी।
मुख्य सचिव ने दिए महत्वपूर्ण निर्देश
मुख्य सचिव ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने, डिजिटल सेवाओं का विस्तार करने और निवेशकों के लिए सुगम एवं पारदर्शी वातावरण तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नई व्यवस्था से राज्य में निवेश बढ़ेगा, उद्योगों को कारोबार करने में आसानी होगी और आम नागरिकों को भी सरकारी सेवाएं अधिक प्रभावी तरीके से मिल सकेंगी, बैठक में गृह, विधि, सामान्य प्रशासन, उद्योग, नगरीय प्रशासन, आवास एवं पर्यावरण, वाणिज्यिक कर, पर्यटन एवं संस्कृति सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लेकर प्रस्तावित सुधारों पर अपने सुझाव दिए।
