CG News: वीबी जी रामजी योजना लागू होते ही बढ़ी मजदूरी, ग्रामीण श्रमिकों को पहले दिन मिला बड़ा लाभ
CG News: छत्तीसगढ़ में विकसित भारत–रोजगार एवं आजीविका गारंटी मिशन (ग्रामीण) यानी वीबी जी रामजी योजना लागू होने के साथ ही ग्रामीण श्रमिकों को बड़ी सौगात मिली है। भारत सरकार की नई अधिसूचना के अनुसार राज्य में अकुशल श्रमिकों की दैनिक मजदूरी 261 रुपये से बढ़ाकर 300 रुपये कर दी गई है। नई दरें 1 जुलाई 2026 से प्रभावी हो गई हैं।
मजदूरी में 39 रुपये की बढ़ोतरी
नई व्यवस्था के तहत ग्रामीण श्रमिकों को अब प्रतिदिन 300 रुपये का भुगतान मिलेगा। पहले यह राशि 261 रुपये थी। इस फैसले से मजदूरी में करीब 13 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है, जिससे लाखों ग्रामीण श्रमिकों की आय में सीधा इजाफा होगा।

125 दिनों तक रोजगार की गारंटी
वीबी जी रामजी योजना के तहत पात्र ग्रामीण परिवारों को वर्ष में 125 दिनों तक रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। इसके साथ ही 15 दिनों के भीतर मजदूरी भुगतान, बेरोजगारी भत्ता, डिजिटल जॉब कार्ड और तकनीक आधारित कार्य प्रबंधन जैसी सुविधाएं भी दी जाएंगी।
गांवों में विकास कार्यों को मिलेगी गति
योजना के तहत जल संरक्षण, सिंचाई, ग्रामीण सड़क निर्माण, वृक्षारोपण और टिकाऊ परिसंपत्तियों के निर्माण जैसे विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। साथ ही ग्रामीण युवाओं के कौशल विकास और आजीविका बढ़ाने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
ग्राम सभा तय करेगी विकास कार्य
नई व्यवस्था के अनुसार ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों की कार्ययोजना ग्राम सभा के माध्यम से तैयार की जाएगी। इससे स्थानीय जरूरतों के अनुसार कार्यों का चयन होगा और योजनाओं के क्रियान्वयन में लोगों की भागीदारी भी बढ़ेगी, योजना लागू होने के पहले दिन ही कई ग्रामीण क्षेत्रों में श्रमिकों ने इसका स्वागत किया। विभिन्न पंचायतों में लोगों को योजना की जानकारी दी गई और इसे रोजगार व ग्रामीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया गया।
2 जुलाई को होगा प्रदेश स्तरीय शुभारंभ
वीबी जी रामजी योजना का प्रदेश स्तरीय शुभारंभ 2 जुलाई को कबीरधाम जिले के बोड़ला विकासखंड स्थित ग्राम पंचायत गंडईखुर्द में आयोजित कार्यक्रम में होगा। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा शामिल होंगे, जबकि राष्ट्रीय स्तर पर कार्यक्रम का शुभारंभ केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान करेंगे।

