CG News: रायपुर में लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान, CM साय ने किया ‘आपातकाल के योद्धा’ स्मारिका का विमोचन
CG News: राजधानी रायपुर के डीडीयू ऑडिटोरियम में आपातकाल स्मृति दिवस के अवसर पर लोकतंत्र सेनानियों के सम्मान में भव्य समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाले सेनानियों को नमन करते हुए उनके योगदान को देश के लिए प्रेरणास्रोत बताया।

‘आपातकाल के योद्धा’ स्मारिका का विमोचन
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने लोकतंत्र सेनानियों के संघर्षों और अनुभवों पर आधारित स्मारिका ‘आपातकाल के योद्धा’ का विमोचन किया। साथ ही आपातकाल विषय पर आयोजित राज्य स्तरीय निबंध प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित कर उन्हें प्रोत्साहन राशि और स्मृति चिन्ह प्रदान किए।

इंद्रेश कुमार ने लोकतंत्र और राष्ट्र निर्माण पर रखे विचार
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता आरएसएस के वरिष्ठ प्रचारक इंद्रेश कुमार ने कहा कि लोकतंत्र केवल शासन व्यवस्था नहीं, बल्कि नागरिकों की जिम्मेदारी और जीवन मूल्यों का आधार है। उन्होंने आपातकाल को भारतीय लोकतंत्र की कठिन परीक्षा बताते हुए कहा कि उस दौर में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और मौलिक अधिकारों पर गहरा प्रभाव पड़ा था। उन्होंने युवाओं से राष्ट्रहित, सामाजिक समरसता और अनुशासन को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

CM साय ने साझा की पारिवारिक स्मृतियां
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने संबोधन में आपातकाल के दौर से जुड़ी पारिवारिक स्मृतियों का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि उनके बड़े पिताजी स्वर्गीय नरहरि साय लंबे समय तक जेल में रहे थे और उस समय लोकतंत्र सेनानियों के परिवारों ने अनेक कठिनाइयों का सामना किया। उन्होंने कहा कि ऐसे संघर्षों को याद रखना नई पीढ़ी के लिए जरूरी है ताकि लोकतंत्र के महत्व को समझा जा सके।
डॉ. रमन सिंह बोले— लोकतंत्र के प्रति सजग रहने की सीख
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि 1975 का आपातकाल भारतीय लोकतंत्र के लिए गंभीर चुनौती था। उन्होंने कहा कि उस दौर की घटनाएं लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक अधिकारों के प्रति हमेशा सजग रहने की प्रेरणा देती हैं।
540 से अधिक विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा
आपातकाल स्मृति दिवस के तहत आयोजित निबंध प्रतियोगिता में प्रदेशभर के 540 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया। विद्यालय और महाविद्यालय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। विजेताओं को नकद पुरस्कार और स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए, मुख्यमंत्री ने प्रतियोगिता में शामिल विद्यार्थियों की सराहना करते हुए कहा कि लोकतंत्र और संविधान के प्रति जागरूकता बढ़ाने में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने युवाओं को देश के लोकतांत्रिक मूल्यों को आगे बढ़ाने का संदेश दिया।

