CG News: छत्तीसगढ़ में अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान खोलने की मांग, मुख्यमंत्री साय ने अमित शाह से की मुलाकात
CG News: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बुधवार को नई दिल्ली स्थित कर्तव्य भवन में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य के विकास, जनकल्याण और स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करते हुए छत्तीसगढ़ में अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान (AIIA) की स्थापना का आग्रह किया। बैठक में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा भी उपस्थित रहे।

आयुर्वेद के राष्ट्रीय केंद्र के रूप में उभर सकता है छत्तीसगढ़
मुख्यमंत्री ने कहा कि नई दिल्ली और गोवा के पणजी में संचालित अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान आज आयुर्वेद चिकित्सा, अनुसंधान और नवाचार के उत्कृष्ट केंद्र बन चुके हैं। इसी तर्ज पर छत्तीसगढ़ में भी AIIA की स्थापना से प्रदेश आयुर्वेद आधारित चिकित्सा और शोध का प्रमुख केंद्र बन सकता है, मुख्यमंत्री ने कहा कि AIIA की स्थापना से प्रदेशवासियों को उच्चस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी। साथ ही युवाओं को राष्ट्रीय स्तर के संस्थान में अध्ययन, शोध और अध्यापन के अवसर प्राप्त होंगे। इससे आयुर्वेद चिकित्सा शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा और राज्य स्वास्थ्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में नई पहचान स्थापित करेगा।
औषधीय संपदा से समृद्ध है प्रदेश
मुख्यमंत्री ने अमित शाह को बताया कि छत्तीसगढ़ प्राकृतिक संसाधनों और औषधीय वनस्पतियों से भरपूर राज्य है। प्रदेश के विशाल वन क्षेत्रों में अनेक दुर्लभ जड़ी-बूटियां और औषधीय पौधे पाए जाते हैं। साथ ही जनजातीय क्षेत्रों में पारंपरिक औषधीय ज्ञान की समृद्ध विरासत भी मौजूद है, जो आयुर्वेद अनुसंधान के लिए महत्वपूर्ण आधार बन सकती है।
मध्य भारत को मिलेगा लाभ
मुख्यमंत्री ने बताया कि संस्थान का लाभ केवल छत्तीसगढ़ तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि मध्य भारत के अन्य राज्यों के लोगों को भी बेहतर आयुर्वेदिक उपचार और अनुसंधान सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे क्षेत्रीय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलेगी, मुख्यमंत्री ने केंद्रीय बजट 2026 में तीन नए अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थानों की स्थापना की घोषणा का उल्लेख करते हुए आग्रह किया कि इनमें से एक संस्थान छत्तीसगढ़ को दिया जाए। उन्होंने कहा कि इससे स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ रोजगार, अनुसंधान और ज्ञान आधारित विकास को भी नई गति मिलेगी।
बस्तर के विकास कार्यों पर भी हुई चर्चा
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने बस्तर सहित राज्य के दूरस्थ क्षेत्रों में चल रहे विकास कार्यों, अधोसंरचना विस्तार और विभिन्न जनहितकारी योजनाओं की प्रगति की जानकारी भी केंद्रीय गृह मंत्री को दी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने छत्तीसगढ़ में विकास और जनकल्याण के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य विकासात्मक क्षेत्रों में केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

