CG News: दिल्ली में CM साय की केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात, स्वास्थ्य सेवाओं और कृषि विकास पर हुई अहम चर्चा
CG News: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नई दिल्ली में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक मंत्री जेपी नड्डा से उनके आवास पर शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, चिकित्सा अधोसंरचना, कृषि और उर्वरक क्षेत्र से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।

स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर जोर
मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री को बताया कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। विशेष रूप से दूरस्थ, ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए अस्पतालों, मेडिकल कॉलेजों और चिकित्सा संस्थानों के विस्तार और उन्नयन पर ध्यान दिया जा रहा है, मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रदेशवासियों को आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं और गुणवत्तापूर्ण उपचार अपने ही राज्य में उपलब्ध कराना है, ताकि लोगों को इलाज के लिए दूसरे राज्यों का रुख न करना पड़े।

किसानों के लिए खाद-बीज की उपलब्धता सुनिश्चित
बैठक में कृषि और उर्वरक क्षेत्र से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने बताया कि खरीफ सीजन को देखते हुए किसानों को खाद और बीज की पर्याप्त एवं समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। सरकार लगातार वितरण व्यवस्था की निगरानी कर रही है ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
कालाबाजारी और जमाखोरी पर सख्ती
मुख्यमंत्री ने कहा कि खाद वितरण में किसी भी प्रकार की कालाबाजारी, जमाखोरी या लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों को व्यवस्था पर सतत निगरानी रखने और जरूरतमंद किसानों तक समय पर सामग्री पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं, मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री को बताया कि राज्य सरकार खेती को अधिक लाभकारी बनाने के लिए नैनो यूरिया और नैनो डीएपी के उपयोग को प्रोत्साहित कर रही है। किसानों को इनके फायदे बताने के लिए जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं, जिससे उत्पादन क्षमता बढ़े और खेती की लागत कम हो सके।
केंद्र-राज्य समन्वय से विकास को मिलेगी गति
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार स्वास्थ्य, कृषि और जनकल्याण के क्षेत्रों में विकास को नई गति देने के लिए केंद्र सरकार के सहयोग से निरंतर प्रयास कर रही है। राज्य के समग्र विकास के लिए केंद्र और राज्य के बीच बेहतर समन्वय को और मजबूत किया जा रहा है, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, किसानों के हित में उठाए जा रहे कदमों और जनकल्याण के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने स्वास्थ्य और अन्य विकासात्मक क्षेत्रों में केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया।

