CG News: UPSC 2026 में छत्तीसगढ़ का परचम! ट्राइबल यूथ हॉस्टल के 13 अभ्यर्थियों ने प्रारंभिक परीक्षा की पास
CG News: संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2026 में नई दिल्ली स्थित ट्राइबल यूथ हॉस्टल के 13 अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल कर छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सभी सफल अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए इसे प्रदेश की युवा प्रतिभा, परिश्रम और सरकारी प्रयासों की बड़ी उपलब्धि बताया।
ट्राइबल यूथ हॉस्टल के 13 अभ्यर्थियों ने रचा नया कीर्तिमान
UPSC सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2026 के परिणामों में छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का क्षण सामने आया है। नई दिल्ली के द्वारका स्थित ट्राइबल यूथ हॉस्टल में रहकर तैयारी कर रहे 13 अभ्यर्थियों ने प्रारंभिक परीक्षा सफलतापूर्वक उत्तीर्ण की है। इन सफल अभ्यर्थियों में अधिकांश विद्यार्थी जनजातीय, ग्रामीण और सामाजिक रूप से वंचित वर्गों से हैं, जिन्होंने सीमित संसाधनों के बावजूद कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प के दम पर यह सफलता हासिल की है।
युवाओं को बताया प्रेरणास्रोत
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सभी सफल अभ्यर्थियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह सफलता छत्तीसगढ़ की युवा शक्ति की प्रतिभा और संघर्ष का प्रमाण है। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और करियर निर्माण के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि इन युवाओं की उपलब्धि प्रदेश के हजारों विद्यार्थियों को बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने की प्रेरणा देगी।
200 सीटों वाला ट्राइबल यूथ हॉस्टल बन रहा सफलता का केंद्र
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रतिभाशाली युवाओं को बेहतर अवसर देने के लिए नई दिल्ली स्थित ट्राइबल यूथ हॉस्टल की क्षमता 50 से बढ़ाकर 200 सीट कर दी गई है। यहां विद्यार्थियों को निःशुल्क आवास, पौष्टिक भोजन, पुस्तकालय, अध्ययन कक्ष, उत्कृष्ट कोचिंग और विशेषज्ञों का मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाता है। आदिम जाति एवं अनुसूचित जाति विकास मंत्री रामविचार नेताम ने इसे राज्य की प्रतिभाओं को नई दिशा देने वाला संस्थान बताया। वहीं विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने कहा कि 13 अभ्यर्थियों की सफलता राज्य सरकार की गुणवत्तापूर्ण तैयारी और मार्गदर्शन व्यवस्था का सकारात्मक परिणाम है, जिससे भविष्य में और बेहतर उपलब्धियों की उम्मीद बढ़ी है।



