CG NEWS: बलौदाबाजार में तीन दिवसीय वृहद पंजीकरण शिविर शुरू, पहले ही दिन उमड़े हितग्राही
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर छत्तीसगढ़ शासन द्वारा प्रदेशभर में “विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में गुरुवार को बलौदाबाजार के नगर भवन में तीन दिवसीय वृहद पंजीकरण शिविर का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से नागरिकों के जीवन स्तर में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रशासनिक अमला पूरी प्रतिबद्धता के साथ जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान में जुटा हुआ है।
मंत्री ने बताया कि यह विशेष पंजीकरण शिविर 18 से 20 जून 2026 तक राजस्व अनुविभाग स्तर पर आयोजित किए जा रहे हैं। इनका उद्देश्य शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में शामिल होकर योजनाओं का लाभ लेने की अपील की।
पहले ही दिन दिखा उत्साह, मौके पर मिले लाभ
शिविर के पहले दिन बड़ी संख्या में हितग्राही पहुंचे और योजनाओं के लिए पंजीकरण कराया। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत स्वजाना डोंगरे और उर्मिला डोंगरे को मौके पर ही चेक प्रदान किए गए।
उद्घाटन दिवस पर विभिन्न अनुविभागों से लगभग 55 आवेदन प्राप्त हुए, जिन पर प्रशासन द्वारा तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
प्रमुख योजनाओं के लिए ऑन-द-स्पॉट पंजीकरण
शिविर में केंद्र एवं राज्य सरकार की कई प्रमुख योजनाओं के लिए ऑन-द-स्पॉट पंजीकरण की सुविधा दी जा रही है, जिनमें शामिल हैं—
- आयुष्मान भारत योजना एवं आयुष्मान वय वंदना योजना
- प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना
- प्रधानमंत्री आवास योजना एवं जल जीवन मिशन
- प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना एवं कौशल विकास योजना
- विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाएं
विभिन्न स्थानों पर आयोजित हो रहे शिविर
नागरिकों की सुविधा के लिए यह शिविर जिले के विभिन्न केंद्रों पर आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें बलौदाबाजार एवं भाटापारा नगर भवन, सिमगा का सामुदायिक भवन, कसडोल के स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय का सभागार तथा पलारी अनुविभाग का नगर भवन शामिल है।कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष सुलोचना यादव सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
यह भी पढ़े.. CG News: राज्यपाल का बड़ा फैसला, गजराज बांध से मजबूत होगी रायपुर की पेयजल व्यवस्था
