CG News: राज्यपाल का बड़ा फैसला, गजराज बांध से मजबूत होगी रायपुर की पेयजल व्यवस्था
CG News: राजधानी रायपुर की बढ़ती पेयजल जरूरतों को देखते हुए राज्यपाल श्री रमेन डेका ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। उन्होंने कमल विहार स्थित लगभग 230 एकड़ क्षेत्र में फैले गजराज बांध को शहर की पेयजल आपूर्ति के लिए एक विशाल जलाशय के रूप में विकसित करने का सुझाव दिया है। इस संबंध में लोकभवन में नगर निगम रायपुर की महापौर श्रीमती मीनल चौबे और अतिरिक्त आयुक्त श्री विनोद पाण्डेय के साथ विस्तृत चर्चा की गई।
गजराज बांध को विकसित करने की पहल
बैठक के दौरान राज्यपाल ने कहा कि वर्तमान में गजराज बांध का सिंचाई कार्यों में प्रभावी उपयोग नहीं हो रहा है। ऐसे में इसकी मरम्मत और आवश्यक विकास कार्य कर इसे रायपुर शहर के लिए स्थायी पेयजल स्रोत बनाया जा सकता है। इससे भविष्य में पानी की बढ़ती मांग को पूरा करने में मदद मिलेगी।
शहर को मिलेगा शुद्ध और पर्याप्त पेयजल
राज्यपाल ने कहा कि यदि गजराज बांध को पेयजल जलाशय के रूप में विकसित किया जाता है तो रायपुरवासियों को शुद्ध, सुरक्षित और पर्याप्त मात्रा में पेयजल उपलब्ध कराया जा सकेगा। यह परियोजना शहर की जलापूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ भविष्य में जल संकट से निपटने में भी अहम साबित होगी।
विभागों के समन्वय से आगे बढ़ेगी योजना
राज्यपाल ने महापौर को निर्देश दिए कि इस योजना को जल्द आगे बढ़ाने के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित किया जाए। उन्होंने परियोजना की व्यवहारिकता पर कार्य करते हुए आवश्यक प्रक्रिया शुरू करने पर भी जोर दिया।
रायपुर की नई ‘वॉटर लाइफलाइन’ बनने की उम्मीद
विशेषज्ञों का मानना है कि यदि इस योजना को समयबद्ध तरीके से लागू किया जाता है तो गजराज बांध आने वाले वर्षों में रायपुर की नई ‘वॉटर लाइफलाइन’ बन सकता है। इससे शहर की पेयजल व्यवस्था अधिक मजबूत होगी और लाखों लोगों को दीर्घकालिक राहत मिल सकेगी।
यह भी पढ़े: CG News: मैनपाट की पेयजल समस्या पर CM साय सख्त, खबर पढ़ते ही कलेक्टर को दिए तत्काल निर्देश

