CG News: छत्तीसगढ़ में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियां जोरों पर, सरगुजा में होगा मुख्य कार्यक्रम
CG News: छत्तीसगढ़ में 21 जून 2026 को मनाए जाने वाले 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इस वर्ष योग दिवस की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग” तय की गई है। राज्यभर में भव्य और व्यापक स्तर पर आयोजन की योजना बनाई गई है।
मुख्य सचिव ने की उच्च स्तरीय बैठक
मुख्य सचिव विकासशील ने मंत्रालय (महानदी भवन) में आयोजित उच्च स्तरीय बैठक में तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे और आयोजन को सफल बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
सरगुजा में होगा राज्य स्तरीय कार्यक्रम
अधिकारियों के अनुसार इस बार अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का राज्य स्तरीय मुख्य आयोजन सरगुजा जिले में होने की संभावना है। मुख्य सचिव ने संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां समय पर और व्यवस्थित रूप से पूरी करने के निर्देश दिए हैं, मुख्य सचिव ने निर्देश दिया कि आयुष मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के अनुसार राज्य की सभी ग्राम पंचायतों, जिलों और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। इसके लिए सभी कलेक्टरों को सक्रिय भूमिका निभाने को कहा गया है।
जनभागीदारी पर रहेगा विशेष जोर
कार्यक्रम में अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए आयुष और समाज कल्याण विभाग को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला स्तर पर व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है, चूंकि 21 जून को ही NEET परीक्षा का पुनः आयोजन भी होना है, इसलिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि योग दिवस कार्यक्रमों के कारण परीक्षा केंद्रों और परीक्षार्थियों को किसी भी तरह की असुविधा न हो।
गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड की तैयारी
इस बार योग दिवस पर ऑनलाइन योग अभ्यास सत्र के माध्यम से गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने की तैयारी भी की जा रही है। यह सत्र 14 जून से सुबह 6:15 से 7:35 बजे तक आयोजित किया जा रहा है, नागरिकों की भागीदारी के लिए टोल-फ्री नंबर 1800-315-7008 जारी किया गया है, जिस पर मिस्ड कॉल देकर पंजीयन किया जा सकता है। इसके अलावा योग संगम पोर्टल https://yoga.ayush.gov.in/yoga-sangam के माध्यम से संस्थाएं और संगठन अपने कार्यक्रम पंजीकृत कर सकते हैं।
अधिकारियों की मौजूदगी
बैठक में वन विभाग, गृह विभाग, स्कूल शिक्षा, आवास एवं पर्यावरण सहित कई विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और योग आयोग के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने आयोजन को सफल बनाने के लिए समन्वय से काम करने पर सहमति जताई।

