CG News: प्रदेशभर की ग्राम पंचायतों में 24 जून को ग्राम सभा, आवास प्लस 2.0 और विकास योजनाओं पर होगी चर्चा
CG News: छत्तीसगढ़ की सभी ग्राम पंचायतों में 24 जून 2026 को ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा। इन बैठकों में ग्रामीण विकास, पंचायत प्रशासन, आवास योजनाओं, रोजगार और अन्य जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा कर आवश्यक निर्णय लिए जाएंगे। ग्राम सभाओं के माध्यम से स्थानीय स्तर पर जनभागीदारी को और मजबूत बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
आवास प्लस 2.0 सूची पर विशेष चर्चा
ग्राम सभा की बैठक में आवास प्लस 2.0 सर्वेक्षण के आधार पर तैयार की गई स्थायी प्रतीक्षा सूची का अवलोकन किया जाएगा। पात्र हितग्राहियों की प्राथमिकता सूची तैयार करने के साथ ही ग्रामीणों से प्राप्त दावे और आपत्तियों पर भी विचार किया जाएगा, ताकि पात्र परिवारों को योजनाओं का लाभ सुनिश्चित किया जा सके।
पात्र हितग्राहियों का होगा चयन
शासन के दिशा-निर्देशों के अनुसार ग्राम सभा में पात्र परिवारों की प्राथमिकता तय की जाएगी। सूची के अनुमोदन के बाद संबंधित जानकारी को ऑनलाइन प्रणाली में दर्ज किया जाएगा, जिससे आवास योजना के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और निष्पक्षता बनी रहे, बैठक में पंचायतों की वित्तीय स्थिति, आय-व्यय और पूर्व में स्वीकृत विकास कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की जाएगी। ग्रामीणों को पंचायत की गतिविधियों और योजनाओं की जानकारी देकर जवाबदेही और पारदर्शिता सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।
रोजगार और आजीविका योजनाओं की जानकारी
ग्राम सभाओं में ग्रामीण रोजगार और आजीविका से जुड़ी योजनाओं पर भी चर्चा होगी। ग्रामीणों को रोजगार के अवसर, मजदूरी भुगतान, सामाजिक सुरक्षा और विकास कार्यक्रमों से संबंधित जानकारी प्रदान की जाएगी, ताकि अधिक से अधिक लोग इन योजनाओं का लाभ उठा सकें, ग्राम सभा में पंचायत संपत्तियों के संरक्षण, रखरखाव और उपयोग से जुड़े मुद्दों पर भी विचार किया जाएगा। साथ ही चल रहे विकास कार्यों की प्रगति और भविष्य की योजनाओं पर ग्रामीणों की राय ली जाएगी।
जनभागीदारी बढ़ाने की अपील
पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने ग्रामीणों से ग्राम सभा में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है। विभाग का मानना है कि गांव के विकास से जुड़े फैसलों में लोगों की सक्रिय भागीदारी से योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन संभव हो सकेगा, ग्राम सभा को ग्रामीण लोकतंत्र की सबसे महत्वपूर्ण इकाई माना जाता है। 24 जून को होने वाली बैठकें आवास, रोजगार, वित्तीय प्रबंधन और स्थानीय विकास से जुड़े कई अहम निर्णयों का आधार बनेंगी, जिससे गांवों के समग्र विकास को नई दिशा मिलेगी।

