CG News: प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना से छत्तीसगढ़ में बढ़ा उत्पादन, जशपुर बना मत्स्य विकास का मॉडल जिला
CG News: छत्तीसगढ़ में मत्स्य पालन अब ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने का एक प्रमुख माध्यम बनकर उभरा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी सोच और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के माध्यम से राज्य में मत्स्य क्षेत्र तेजी से विकास कर रहा है।
मत्स्य पालन बना आत्मनिर्भरता का साधन
योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से छोटे और सीमांत किसानों को भी मत्स्य व्यवसाय से जुड़ने का अवसर मिला है। आधुनिक तकनीक, प्रशिक्षण और अनुदान आधारित सहायता से हजारों मत्स्यपालक आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहे हैं और उनकी आय में लगातार वृद्धि हो रही है।
जशपुर में दर्ज हुआ उत्पादन का नया रिकॉर्ड
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के गृह जिले जशपुर में मत्स्य उत्पादन ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। पिछले 22 महीनों में जिले में 22,805 मीट्रिक टन मछली उत्पादन दर्ज किया गया है, जो एक नया कीर्तिमान है। इस उपलब्धि से हजारों किसानों की आय में भी वृद्धि हुई है, मत्स्य विभाग के अनुसार जिले में 18.50 करोड़ स्पॉन, 2.55 करोड़ स्टेज फ्राय और 2.94 करोड़ मत्स्य बीजों का संचयन किया गया है। इससे स्थानीय स्तर पर गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध हुए हैं और उत्पादन क्षमता में वृद्धि हुई है।
7 हजार से अधिक हितग्राही लाभान्वित
जिले में 77.67 हेक्टेयर तालाब और 295.27 हेक्टेयर जलाशयों का पट्टा आवंटन किया गया है। साथ ही नाव, जाल, फिंगरलिंग, बीमा और विपणन सहायता के माध्यम से 7,000 से अधिक हितग्राहियों को लाभ मिला है, प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत तालाब निर्माण, बायोफ्लॉक इकाइयों और पौंड लाइनर जैसी सुविधाओं पर 60 प्रतिशत तक अनुदान दिया जा रहा है। इससे उत्पादन लागत घटने के साथ उत्पादकता में वृद्धि हो रही है।
प्रशिक्षण और तकनीकी ज्ञान से सशक्त हो रहे किसान
मत्स्यपालकों को देश के विभिन्न राज्यों में एक्सपोजर विजिट के माध्यम से प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसमें वैज्ञानिक मत्स्य पालन, बीज प्रबंधन, रोग नियंत्रण और विपणन की आधुनिक तकनीकों की जानकारी दी जा रही है, यह योजना न केवल रोजगार सृजन का माध्यम बन रही है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में आत्मनिर्भरता और आर्थिक स्थिरता को भी मजबूत कर रही है। इससे छत्तीसगढ़ आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य की ओर तेजी से अग्रसर हो रहा है।
