CG News: छत्तीसगढ़ शिक्षा विभाग में बड़ा बदलाव, 16 जून से ऑनलाइन हाजिरी अनिवार्य, वेतन पर सख्ती
CG News: रायपुर में छत्तीसगढ़ शिक्षा विभाग ने प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव करते हुए 16 जून 2026 से सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और शिक्षकों के लिए ऑनलाइन उपस्थिति और ऑनलाइन अवकाश प्रणाली को अनिवार्य कर दिया है। लोक शिक्षण संचालनालय ने स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं कि नियमों का पालन न करने पर जून माह का वेतन रोक दिया जाएगा।
डिजिटल हाजिरी अनिवार्य होगी
नए आदेश के अनुसार अब सभी कर्मचारियों को अपनी उपस्थिति डिजिटल माध्यम से दर्ज करनी होगी। शासकीय विद्यालयों में यह कार्य VSK ऐप के माध्यम से किया जाएगा, जबकि कार्यालयों में आधार सक्षम बायोमेट्रिक प्रणाली (AEBAS) के जरिए हाजिरी अनिवार्य होगी।
ऑफलाइन हाजिरी और छुट्टी पर रोक
शासन ने स्पष्ट कर दिया है कि अब किसी भी प्रकार की ऑफलाइन हाजिरी या कागजी छुट्टी आवेदन मान्य नहीं होंगे। सभी अवकाश केवल HRMIS पोर्टल के माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे, यदि किसी कर्मचारी की उपस्थिति डिजिटल प्रणाली में दर्ज नहीं होती है, तो उसे अनुपस्थित माना जाएगा और संबंधित कर्मचारी का वेतन रोक दिया जाएगा। इसकी जिम्मेदारी संबंधित DDOs पर होगी।
अधिकारियों की जिम्मेदारी तय
लोक शिक्षण संचालनालय ने सभी संयुक्त संचालकों, जिला शिक्षा अधिकारियों और आहरण एवं संवितरण अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे इस व्यवस्था का सख्ती से पालन सुनिश्चित करें। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी, नई डिजिटल प्रणाली का उद्देश्य शिक्षा विभाग में पारदर्शिता बढ़ाना, उपस्थिति व्यवस्था को मजबूत करना और बिना सूचना अनुपस्थिति की प्रवृत्ति पर रोक लगाना है।

