CG News: छत्तीसगढ़ में रिकॉर्ड 10.60 लाख ग्रामीण आवास पूर्ण, गरीबों के सपनों को मिली नई मजबूती
CG News: छत्तीसगढ़ में ग्रामीण आवास निर्माण के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज की गई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य में पिछले ढाई वर्षों में 10.60 लाख से अधिक ग्रामीण आवासों का निर्माण पूर्ण किया गया है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में अकेले 6 लाख से अधिक आवास पूरे कर छत्तीसगढ़ देश में सबसे तेज गति से आवास निर्माण करने वाला राज्य बन गया है।
‘संकल्प से सिद्धि’ की दिशा में बड़ी सफलता
मुख्यमंत्री ने सरकार बनने के बाद पहली कैबिनेट बैठक में 18 लाख आवास निर्माण का संकल्प लिया था। इसी लक्ष्य को तेजी से पूरा करते हुए राज्य सरकार ने अपूर्ण और नए सभी पात्र आवासों को शामिल कर व्यापक स्तर पर निर्माण कार्य शुरू किया है।
![]()
हजारों करोड़ की वित्तीय सहायता
राज्य सरकार ने इस महत्त्वपूर्ण मिशन के लिए 26,908 करोड़ रुपये की राशि उपलब्ध कराई है। इस बजट से अपूर्ण मकानों को पूरा करने के साथ-साथ नए पात्र हितग्राहियों को भी आवास स्वीकृत किए जा रहे हैं, छत्तीसगढ़ में प्रतिदिन लगभग 1600 से 2000 तक आवास पूरे किए जा रहे हैं। इस तेज रफ्तार के साथ राज्य देश में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के क्रियान्वयन में शीर्ष स्थान पर पहुंच गया है।
समावेशी विकास की बड़ी पहल
इस योजना में पीएम जनमन योजना और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के लिए विशेष परियोजनाओं को भी शामिल किया गया है। साथ ही ‘आवास प्लस 2.0’ के तहत नए सर्वे के आधार पर जरूरतमंद परिवारों को भी योजना से जोड़ा जा रहा है।
महिलाओं की भागीदारी से सशक्तिकरण
आवास निर्माण अभियान में महिला स्व-सहायता समूहों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। महिलाएं ‘डीलर दीदी’ और ‘रानी मिस्त्री’ के रूप में कार्य कर रही हैं, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिल रही है।
डिजिटल सुविधाओं से मिली रफ्तार
गांवों में अटल डिजिटल सेवा केंद्रों के माध्यम से लेन-देन और प्रक्रियाएं आसान हुई हैं, जिससे आवास निर्माण की प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और तेज हुई है, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि यह केवल घरों का निर्माण नहीं, बल्कि गरीब परिवारों के सम्मान, सुरक्षा और उज्ज्वल भविष्य की नींव है। सरकार का लक्ष्य हर जरूरतमंद को पक्का घर उपलब्ध कराना है।
