CG News: CM साय ने किया ‘पहाड़ी मैना’ मस्कट का विमोचन, नवा रायपुर में 12 जून से होगी राष्ट्रीय कायाकिंग-केनोईंग प्रतियोगिता
CG News: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राजधानी रायपुर स्थित अपने निवास कार्यालय में 36वीं राष्ट्रीय सब जूनियर एवं जूनियर कायाकिंग-केनोईंग प्रतियोगिता के आधिकारिक मस्कट ‘पहाड़ी मैना’ का विमोचन किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आयोजकों को शुभकामनाएं दीं और खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

खेलों से बनता है व्यक्तित्व और नेतृत्व
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि खेल केवल जीत-हार या प्रतिस्पर्धा तक सीमित नहीं हैं, बल्कि यह अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और व्यक्तित्व विकास का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

खिलाड़ियों को मिल रहे राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय अवसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में खेल अधोसंरचना को मजबूत बनाया जा रहा है ताकि युवा खिलाड़ी अपनी प्रतिभा को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों तक पहुंचा सकें। उन्होंने विश्वास जताया कि यह राष्ट्रीय प्रतियोगिता प्रदेश के खिलाड़ियों को नई प्रेरणा देगी और छत्तीसगढ़ की खेल पहचान को और मजबूत करेगी।
12 से 14 जून तक सेंध लेक में होगा आयोजन
उल्लेखनीय है कि 36वीं राष्ट्रीय सब जूनियर एवं जूनियर कायाकिंग-केनोईंग प्रतियोगिता का आयोजन 12 से 14 जून 2026 तक नवा रायपुर स्थित सेंध लेक में किया जाएगा। प्रतियोगिता का आयोजन छत्तीसगढ़ प्रदेश कायाकिंग-केनोईंग एसोसिएशन द्वारा भारतीय कायाकिंग-केनोईंग संघ और छत्तीसगढ़ ओलम्पिक संघ के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है, कायाकिंग-केनोईंग एक ओलम्पिक खेल है, जिसमें छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए कई पदक अपने नाम किए हैं। राज्य की राजधानी में इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता की मेजबानी को खेल जगत के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
‘पहाड़ी मैना’ से जुड़ी राज्य की पहचान
प्रतियोगिता के लिए ‘पहाड़ी मैना’ को मस्कट के रूप में चुना गया है, जो छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक और सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक माना जाता है। यह मस्कट राज्य की जैव विविधता और खेल भावना दोनों का प्रतिनिधित्व करेगा, मस्कट विमोचन कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ ओलम्पिक संघ के महासचिव विक्रम सिसोदिया, भारतीय कायाकिंग-केनोईंग महासंघ एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश कायाकिंग-केनोईंग एसोसिएशन के सहसचिव प्रशांत सिंह रघुवंशी सहित खेल संघों के कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।

