CG News: रायपुर संभाग समीक्षा बैठक: किसानों को खाद-बीज की गारंटी, सुपेबेड़ा जल समस्या के लिए 7 करोड़ स्वीकृत
CG News: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्पष्ट कहा कि प्रदेश के किसानों को खाद और बीज की उपलब्धता में किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने निर्देश दिया कि छोटे और सीमांत किसानों को प्राथमिकता के आधार पर समय पर खाद-बीज उपलब्ध कराया जाए और इसकी जिम्मेदारी संबंधित जिलों के कलेक्टरों की होगी।

आधुनिक कृषि तकनीक पर जोर
रायपुर संभाग की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने कृषि विभाग को नैनो यूरिया और नैनो डीएपी के उपयोग को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी गांव-गांव जाकर किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों के प्रति जागरूक करें, जिससे उत्पादन क्षमता में वृद्धि हो सके, गरियाबंद जिले के सुपेबेड़ा क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या के स्थायी समाधान के लिए मुख्यमंत्री ने तेल नदी पर एनीकट निर्माण हेतु 7 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी। उन्होंने कहा कि पेयजल जैसी मूलभूत जरूरतों का समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
अवैध रेत उत्खनन पर सख्ती
मुख्यमंत्री ने अवैध रेत उत्खनन को लेकर गंभीर चिंता जताई और अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों का अवैध दोहन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शासन की सभी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक बिना किसी बाधा के पहुंचे। उन्होंने राजस्व प्रकरणों के त्वरित निराकरण, किसान योजनाओं, जल जीवन मिशन और अन्य कार्यक्रमों में तेजी लाने पर जोर दिया।
स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार पर जोर
सीएम ने कहा कि केवल आयुष्मान कार्ड बनाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं भी मिलें। उन्होंने विभिन्न सामाजिक सुरक्षा और स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की, शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए मुख्यमंत्री ने स्कूलों में AI आधारित शिक्षण तकनीकों को अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जिन स्कूलों में विषय विशेषज्ञ शिक्षक नहीं हैं, वहां तकनीक के माध्यम से शिक्षा को मजबूत किया जाए।
कानून-व्यवस्था और सड़क सुरक्षा पर समीक्षा
मुख्यमंत्री ने कानून व्यवस्था, सड़क सुरक्षा और नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा की। उन्होंने नशा मुक्ति अभियान को और प्रभावी बनाने तथा सड़क सुरक्षा नियमों के पालन को सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए, गरियाबंद जिला पंचायत कार्यालय में हुई इस बैठक में रायपुर, गरियाबंद, धमतरी, महासमुंद और बलौदाबाजार जिलों के कलेक्टर, एसपी और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।




