CG News: मरवाही के निमधा में मुख्यमंत्री की अनोखी चौपाल, आम के पेड़ के नीचे सुनीं समस्याएं
CG News: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सुशासन तिहार के तहत मरवाही विकासखंड के ग्राम निमधा में अनोखी जनचौपाल लगाई। वे आम के पेड़ की छांव में खाट पर बैठकर ग्रामीणों के बीच पहुंचे और उनकी समस्याएं सीधे सुनीं, चौपाल के दौरान मुख्यमंत्री ने बिजली, पानी, राशन, सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं को लेकर ग्रामीणों से चर्चा की। कई समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि अन्य मामलों के समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए गए।
तीन बड़ी घोषणाएं
ग्रामीणों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मांग पर मुख्यमंत्री ने निमधा में नर्सिंग कॉलेज, मिनी स्टेडियम और सर्वसमाज के लिए विशाल मंगल भवन की तत्काल मंजूरी की घोषणा की। इस फैसले का ग्रामीणों ने स्वागत किया, बिजली आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तुरंत सुधार के निर्देश दिए। वहीं राजस्व विभाग से जुड़ी शिकायतों पर लापरवाह अधिकारियों को कड़ी चेतावनी देते हुए समय पर काम पूरा करने का निर्देश दिया।
![]()
महिलाओं को “करोड़पति दीदी” बनने का मंत्र
मुख्यमंत्री ने स्व-सहायता समूहों की महिलाओं से संवाद किया और उन्हें आर्थिक रूप से आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि लक्ष्य सिर्फ लखपति नहीं, बल्कि “करोड़पति दीदी” बनना होना चाहिए, मुख्यमंत्री ने बताया कि महतारी वंदन योजना की 28वीं किस्त में प्रदेश की लगभग 70 लाख महिलाओं को लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि यह योजना ग्रामीण महिलाओं की आर्थिक मजबूती में अहम भूमिका निभा रही है।
आवास और विकास योजनाओं पर जोर
उन्होंने बताया कि राज्य में 18 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में आवासीय सुविधाओं का बड़ा विस्तार हो रहा है, मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि जल्द ही सीएम हेल्पलाइन शुरू की जाएगी, जिसके माध्यम से नागरिक टोल फ्री नंबर, ईमेल और व्हाट्सएप से शिकायत दर्ज करा सकेंगे और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
स्थानीय उत्पादों और आजीविका की सराहना
‘बिहान’ योजना से जुड़ी महिलाओं ने मुख्यमंत्री को स्थानीय उत्पादों की टोकरी भेंट की। मुख्यमंत्री ने उनकी उद्यमशीलता की सराहना करते हुए कहा कि स्व-सहायता समूह ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ बन रहे हैं, चौपाल के दौरान मुख्यमंत्री ने स्थानीय व्यंजन जैसे जामुन, कोईलार भाजी, बेल का शरबत, आम की चटनी और आमपना का स्वाद भी लिया, जिससे कार्यक्रम और अधिक आत्मीय बन गया।
‘आजीविका गाथा’ कॉफी टेबल बुक का विमोचन
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने स्व-सहायता समूहों की सफलता कहानियों पर आधारित ‘आजीविका गाथा’ कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया। उन्होंने कहा कि यह पुस्तक ग्रामीण महिलाओं की सफलता और आत्मनिर्भरता की प्रेरक कहानी है, मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। सुशासन तिहार इसी उद्देश्य के साथ चलाया जा रहा है।




