CG News: जीरो टॉलरेंस नीति के तहत अवैध खनन पर सख्ती, रायपुर में 4 हाईवा जब्त
CG News: छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के कड़े निर्देशों और राज्य शासन की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत अवैध खनन, परिवहन और भंडारण पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। खनिज विभाग का मैदानी अमला लगातार सक्रिय रहकर निगरानी और जांच अभियान चला रहा है।

औचक निरीक्षण अभियान
खनिज विभाग के सचिव एवं संचालक के निर्देश पर केंद्रीय खनिज उड़नदस्ता और जिला स्तरीय टीमों ने रायपुर, महासमुंद और गरियाबंद क्षेत्रों में संयुक्त औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कई स्थानों पर खनिज परिवहन की जांच की गई और दस्तावेजों की पड़ताल की गई।
अवैध परिवहन में पकड़े गए 4 हाईवा
निरीक्षण के दौरान रायपुर जिले के विधानसभा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पिरदा और घिवरा में चूनापत्थर और रेत से भरे कुल चार हाईवा वाहनों को बिना वैध अभिवहन पास के परिवहन करते हुए पाया गया। इसके बाद खान एवं खनिज (विकास और विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21 के तहत कार्रवाई करते हुए सभी वाहनों को जब्त कर लिया गया और संबंधित चालकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
आगे भी जारी रहेगी सख्ती
जब्त वाहनों को रायपुर जिले के विधानसभा और खरोरा थाना परिसर में सुरक्षित रखा गया है। खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि राज्य में अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। अधिकारियों का कहना है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है, जिससे अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित हो सके।




