CG News: CM साय की अध्यक्षता में कैबिनेट बैठक, स्क्रैप निस्तारण, भर्ती व्यवस्था और सड़क निर्माण पर अहम फैसले
CG News: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित कैबिनेट बैठक में राज्य के विकास और प्रशासनिक सुधार से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

MSTC अनुबंध तीन साल बढ़ा
मंत्रिपरिषद ने राज्य के विभिन्न विभागों, निगमों और स्थानीय निकायों में जमा स्क्रैप और अनुपयोगी सामग्रियों के निस्तारण के लिए Metal Scrap Trading Corporation Limited के साथ सेलिंग एजेंसी अनुबंध की अवधि तीन वर्ष बढ़ाने का निर्णय लिया, सरकार के अनुसार इस व्यवस्था से ई-नीलामी के जरिए पारदर्शिता बढ़ेगी और राज्य को बेहतर राजस्व प्राप्त होगा। साथ ही अलग-अलग टेंडर प्रक्रिया की जरूरत खत्म होने से समय और संसाधनों की बचत होगी।
कर्मचारी चयन मंडल में बड़ा बदलाव
बैठक में छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल को सामान्य प्रशासन विभाग के अधीन लाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। इसके लिए “छत्तीसगढ़ शासन कार्य (आवंटन) नियम” में संशोधन किया जाएगा।
सड़क निर्माण ठेकेदारों को राहत
मंत्रिपरिषद ने 1 अप्रैल 2026 के बाद बिटुमिन (डामर) की कीमतों में हुई असाधारण वृद्धि को देखते हुए ठेकेदारों को 1 अप्रैल से 30 जून 2026 तक सीमित एवं आंशिक मूल्य राहत देने का निर्णय लिया है, सरकार का कहना है कि यह राहत केवल डामर की कीमतों में बढ़ोतरी के प्रभाव को कम करने के लिए दी जाएगी, जबकि अन्य निर्माण घटकों पर पूर्व नियम यथावत रहेंगे।
विकास कार्यों को गति देने पर जोर
सरकार ने कहा कि वैश्विक बाजार और पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों में वृद्धि के कारण निर्माण कार्य प्रभावित हो रहे थे, इसलिए यह निर्णय विकास कार्यों की गति बनाए रखने और सड़क परियोजनाओं को समय पर पूरा करने के लिए लिया गया है, राज्य सरकार का लक्ष्य है कि प्रशासनिक प्रक्रियाएं अधिक पारदर्शी हों, रोजगार और विकास कार्यों में तेजी आए और जनता को समय पर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।



