CG News: सीएम विष्णुदेव साय ने लॉन्च किया ‘हम होंगे कामयाब 2.0’ वेब पोर्टल, रोजगार और प्रशिक्षण की नई शुरुआत
CG News: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सुशासन तिहार के तहत बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के भाटापारा विकासखंड के ग्राम करहीबाजार में आयोजित शिविर में ‘हम होंगे कामयाब 2.0’ वेब पोर्टल का शुभारंभ किया, यह पोर्टल युवाओं को रोजगार, प्रशिक्षण और करियर मार्गदर्शन की एक ही मंच पर सुविधा देने के उद्देश्य से तैयार किया गया है।

पोर्टल की बड़ी खासियत
इस वेब पोर्टल पर युवाओं को नियोक्ता, रिक्तियों और प्रशिक्षण कार्यक्रमों की पूरी जानकारी मिलेगी, युवा अपनी योग्यता और रुचि के अनुसार प्रशिक्षण लेकर रोजगार या स्वरोजगार से जुड़ सकते हैं।
आंकड़ों में पोर्टल
अधिकारियों के अनुसार पोर्टल में अब तक 468 युवा पंजीकृत हो चुके हैं, जबकि 513 रिक्तियां उपलब्ध हैं, इसमें 21 ट्रेड्स शामिल हैं और रोजगार कार्यालय व उद्योगों से हजारों अवसर जोड़े गए हैं।

रोजगार के नए अवसर
पोर्टल के माध्यम से सीमेंट प्लांट, रोजगार कार्यालय और राज्य के बाहर की कंपनियों की रिक्तियां भी जोड़ी गई हैं, कंपनियां अब सीधे योग्य उम्मीदवारों से संपर्क कर सकेंगी, जिससे भर्ती प्रक्रिया सरल और पारदर्शी होगी।
युवाओं को क्या मिलेगा फायदा
‘हम होंगे कामयाब 2.0’ पोर्टल पर युवाओं को
• करियर मार्गदर्शन
• कौशल प्रशिक्षण
• रोजगार और स्वरोजगार की जानकारी
• प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क कोचिंग की जानकारी
एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होगी।
सुरक्षित और डिजिटल व्यवस्था
इस पोर्टल में सरकारी विभागों और उद्योगों को एकीकृत किया गया है ताकि युवाओं को साइबर फ्रॉड और धोखाधड़ी से बचाया जा सके, इस अवसर पर राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल, कलेक्टर कुलदीप शर्मा, पुलिस अधीक्षक ओपी शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।



