CG News: छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल का 86वां सम्मेलन सम्पन्न, 45 करोड़ की परियोजनाओं और कई अहम प्रस्तावों को मिली मंजूरी
CG News: रायपुर स्थित नवा रायपुर अटल नगर में छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल का 86वां सम्मेलन आयोजित किया गया। मंडल अध्यक्ष अनुराग सिंह देव की अध्यक्षता में हुए इस सम्मेलन में राज्य में आवासीय और अधोसंरचना विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।

आवासीय परियोजनाओं को स्वीकृति
सम्मेलन में लगभग 44.82 करोड़ रुपये की तीन प्रमुख आवासीय परियोजनाओं को प्रशासकीय स्वीकृति दी गई। इसमें रायपुर के कोहका में दीनदयाल आवास कॉलोनी, जशपुर के गिनाबहार में स्ववित्तीय अटल विहार योजना और मुंगेली के सारधा में ईडब्ल्यूएस आवास परियोजना शामिल हैं। इन योजनाओं से कुल 373 से अधिक आवासीय इकाइयों का निर्माण किया जाएगा।
नीतिगत और प्रशासनिक प्रस्तावों को मंजूरी
बैठक में जीएसटी भुगतान प्रणाली और रॉयल्टी क्लीयरेंस प्रक्रिया में एकरूपता लाने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम-2016 के तहत सीधी भर्ती में आरक्षण नियम लागू करने और कर्मचारियों को पुनरीक्षित महंगाई भत्ता देने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई।
क्वींस क्लब संचालन को मंजूरी
सम्मेलन में क्वींस क्लब ऑफ इंडिया के संचालन, रखरखाव और विकास के लिए पीपीपी मॉडल के तहत एजेंसी चयन हेतु निविदा दस्तावेज और अनुबंध प्रारूप को भी स्वीकृति प्रदान की गई। इससे निजी भागीदारी के माध्यम से क्लब के विकास को गति मिलेगी।
संपत्ति बिक्री में रिकॉर्ड उपलब्धि
बैठक में बताया गया कि वर्ष 2026 के पहले चार महीनों में मंडल ने 1,647 संपत्तियों की बिक्री कर लगभग 317 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया है। इसे मंडल की योजनाओं पर जनता के बढ़ते भरोसे का संकेत माना जा रहा है, 86वें मंडल सम्मेलन में आवास एवं पर्यावरण विभाग, लोक निर्माण विभाग, वित्त विभाग और हुडको सहित कई विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में प्रदेश में आवासीय विकास को और गति देने पर विस्तृत चर्चा की गई।


