CG News: भुवनेश्वर जोनल कॉन्फ्रेंस में छत्तीसगढ़ की कृषि उपलब्धियों की गूंज, राज्य को मिला राष्ट्रीय मॉडल का दर्जा
CG News: ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में आयोजित राष्ट्रीय जोनल कॉन्फ्रेंस में छत्तीसगढ़ को कृषि नवाचार, किसान कल्याण और टिकाऊ खेती के क्षेत्र में राष्ट्रीय मॉडल के रूप में प्रस्तुत किया गया। कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री रामविचार नेताम ने राज्य की उपलब्धियां साझा करते हुए बताया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सरकार किसानों की आय बढ़ाने पर लगातार काम कर रही है।

धान खरीदी और किसानों को सीधा लाभ
मंत्री ने बताया कि राज्य में किसानों से 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान की खरीदी 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जा रही है, जिसे देश की सबसे पारदर्शी व्यवस्था माना जा रहा है। पिछले तीन वर्षों में 437 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी कर किसानों के खातों में लगभग 1.40 लाख करोड़ रुपये सीधे ट्रांसफर किए गए हैं।
ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर फोकस
छत्तीसगढ़ सरकार केवल बड़े किसानों तक सीमित नहीं है, बल्कि भूमिहीन कृषि मजदूरों को भी सहायता दे रही है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर योजना के तहत 5 लाख से अधिक परिवारों को हर साल 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता सीधे बैंक खातों में दी जा रही है। इसके साथ ही बस्तर में कॉफी और जशपुर में चाय जैसी वैकल्पिक फसलों को बढ़ावा दिया जा रहा है।
कृषि में आधुनिक तकनीक का उपयोग
कृषि उत्पादन आयुक्त सिद्धार्थ कोमल सिंह परदेशी ने बताया कि राज्य में 128 हाईटेक नर्सरी, 71 कोल्ड स्टोरेज, 63 पैकहाउस और 428 सोलर ड्रायर विकसित किए गए हैं। एआई, ड्रोन तकनीक और डिजिटल किसान पोर्टल के माध्यम से कृषि व्यवस्था को आधुनिक और पारदर्शी बनाया जा रहा है।
केंद्र सरकार ने की सराहना
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने तिलहन मिशन, प्राकृतिक खेती और एग्रीस्टेक पोर्टल जैसे क्षेत्रों में छत्तीसगढ़ के प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने पूर्वी भारत के राज्यों में तिलहन मिशन लक्ष्य पूरा करने पर छत्तीसगढ़ को पहला स्थान मिलने पर बधाई दी, इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ समेत पांच राज्यों के कृषि मंत्री और विभागीय वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। सम्मेलन में कृषि विकास के नए मॉडल, तकनीक और भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।



