CG News: राज्य में ईंधन का भरपूर भंडार, सरकार ने अफवाहों पर रोक लगाने की अपील की
CG News: छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य में पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता को लेकर स्पष्ट किया है कि प्रदेश में ईंधन का पर्याप्त भंडार मौजूद है और आम नागरिकों को किसी प्रकार की घबराने की आवश्यकता नहीं है। सरकार ने कहा कि वर्तमान स्थिति पूरी तरह सामान्य और नियंत्रित है।
राज्य में पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध
जानकारी के अनुसार राज्य में वर्तमान में 3 करोड़ 28 लाख 68 हजार लीटर पेट्रोल तथा 7 करोड़ 75 लाख 71 हजार लीटर डीजल उपलब्ध है। खाद्य विभाग के संचालक ने ऑयल कंपनियों के साथ समीक्षा बैठक कर यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं कि जिन पेट्रोल पंपों पर स्टॉक की कमी की स्थिति बने, वहां प्राथमिकता के आधार पर आपूर्ति की जाए।

अफवाहों से बचने की अपील
सरकार ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रम पर ध्यान न दें और पैनिक बाइंग या अनावश्यक भंडारण से बचें। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रदेशभर में ईंधन की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।
प्रदेशभर में 2516 पेट्रोल पंपों से आपूर्ति
खाद्य विभाग के अनुसार राज्य में कुल 2516 पेट्रोल पंप संचालित हैं, जहां नियमित रूप से पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति की जा रही है। बीते 13 और 14 मई को बढ़ी मांग के कारण पेट्रोल की खरीद में 43 प्रतिशत तथा डीजल की खरीद में 22 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
डिपो से लगातार हो रही आपूर्ति
लखौली और मंदिरहसौद (रायपुर) तथा गोपालपुर (कोरबा) स्थित डिपो से लगातार जिलों को ईंधन की आपूर्ति की जा रही है। स्थिति को सामान्य बनाए रखने के लिए रविवार अवकाश के दिन भी डिपो संचालित किए गए, जिससे लगभग 370 टैंकरों के माध्यम से विभिन्न जिलों में ईंधन पहुंचाया गया।
सरकार पूरी तरह अलर्ट मोड में
अधिकारियों ने बताया कि सभी ऑयल कंपनियों के डिपो से प्रतिदिन दो शिफ्टों में मांग के अनुरूप आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। सरकार ने भरोसा दिलाया है कि प्रदेश में ईंधन की कोई कमी नहीं है और आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सुचारू रूप से चल रही है।



