CG News: गंवरघुटरी में 100 बिस्तरों वाला मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल, मुख्यमंत्री साय की पहल से वनांचल को बड़ी सौगात
CG News: रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ विकासखंड के दूरस्थ वनांचल क्षेत्र ग्राम गंवरघुटरी अब स्वास्थ्य सुविधाओं के मामले में नई पहचान बनाने जा रहा है। यहां 100 बिस्तरों वाला आधुनिक बहुउद्देशीय अस्पताल स्थापित किया जाएगा, जिससे क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा।

गरीब और आदिवासी परिवारों को मिलेगा लाभ
इस अस्पताल के शुरू होने से आसपास के आदिवासी और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए बड़े शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। स्थानीय स्तर पर ही बेहतर और समय पर उपचार उपलब्ध हो सकेगा, राज्य शासन के आदेश के अनुसार ग्राम गंवरघुटरी की 2 हेक्टेयर भूमि 30 वर्ष की लीज पर अजीम प्रेमजी फाउंडेशन को दी गई है। इस भूमि पर गरीबों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं वाला अस्पताल विकसित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने सौंपा भूमि आबंटन आदेश
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रायगढ़ दौरे के दौरान समीक्षा बैठक में इस परियोजना की प्रगति पर चर्चा की और भूमि आबंटन आदेश की प्रति सौंपते हुए इसे जनकल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया, इस अस्पताल में सामान्य उपचार के साथ-साथ मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, आपातकालीन उपचार, जांच सुविधाएं और अन्य आधुनिक चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे ग्रामीणों को बेहतर इलाज मिल सकेगा।
अब नहीं जाना पड़ेगा दूर शहरों में
अभी तक धरमजयगढ़ और आसपास के ग्रामीणों को इलाज के लिए रायगढ़, बिलासपुर या अन्य बड़े शहरों में जाना पड़ता था। अस्पताल बनने के बाद यह समस्या काफी हद तक खत्म हो जाएगी, अस्पताल का संचालन पूरी तरह निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं के उद्देश्य से किया जाएगा और भूमि का उपयोग केवल स्वास्थ्य सेवाओं के लिए ही सुनिश्चित किया गया है। पर्यावरण और अन्य सभी नियमों का पालन अनिवार्य होगा।
ग्रामीणों ने किया स्वागत
स्थानीय लोगों ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे वनांचल क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक कदम बताया है। लोगों का मानना है कि इससे न केवल स्वास्थ्य सुविधाएं बेहतर होंगी बल्कि क्षेत्र में रोजगार और विकास के नए अवसर भी बढ़ेंगे।




