CG News: मुख्यमंत्री साय ने रायगढ़ में आधुनिक फॉरेंसिक लैब का किया उद्घाटन, जांच प्रक्रिया होगी और तेज
CG News: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में सुशासन तिहार के मौके पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अत्याधुनिक क्षेत्रीय फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) का शुभारंभ किया। इस नई सुविधा से पुलिस जांच प्रणाली को वैज्ञानिक आधार पर और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।

अब नहीं जाना पड़ेगा बिलासपुर
इस लैब के शुरू होने के बाद रायगढ़, सक्ती और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिलों के गंभीर आपराधिक मामलों के नमूनों को अब बिलासपुर भेजने की जरूरत काफी हद तक समाप्त हो जाएगी। इससे जांच प्रक्रिया में समय की बचत होगी और मामलों का निपटारा तेजी से हो सकेगा।

आधुनिक तकनीक से मजबूत जांच प्रणाली
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज के दौर में अपराधों की जांच केवल पारंपरिक तरीकों से संभव नहीं है। वैज्ञानिक साक्ष्य और आधुनिक तकनीक अपराधियों तक पहुंचने में सबसे अहम भूमिका निभा रहे हैं। नई FSL लैब इस दिशा में पुलिस को बेहतर संसाधन उपलब्ध कराएगी।
तेज रिपोर्ट, जल्दी न्याय
वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने इसे रायगढ़ के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि अब स्थानीय स्तर पर ही जांच रिपोर्ट मिलने से न सिर्फ समय बचेगा बल्कि पीड़ितों को न्याय भी तेजी से मिल सकेगा और लंबित मामलों में कमी आएगी।
पहले क्या थी समस्या
पहले ब्लड सैंपल, विसरा, मादक पदार्थ और अन्य फॉरेंसिक जांच के लिए सभी नमूने बिलासपुर भेजे जाते थे, जिससे जांच प्रक्रिया में देरी होती थी और मामलों के निपटारे में समय लगता था, इस अवसर पर कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे, जिनमें सांसद, कलेक्टर, एसएसपी और अन्य प्रशासनिक अधिकारी शामिल थे।



