CG News: मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान: सुकमा में दो बच्चों की जान बचाकर बनी प्रेरणादायक कहानी
CG News: सुकमा जिले के दुर्गम और पहुंचविहीन क्षेत्रों में “मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान” के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीम ने साहस और समर्पण की मिसाल पेश की। घने जंगलों, नदी-नालों और कठिन रास्तों को पार कर टीम ग्राम दुरभा तक पहुंची।
दो मासूमों की गंभीर हालत में बचाव
गांव में 5 वर्षीय माड़वी नन्दे और 4 वर्षीय माड़वी सुमड़ी की हालत गंभीर पाई गई। दोनों बच्चे मलेरिया, गंभीर कुपोषण और बेहद कम हीमोग्लोबिन स्तर (2 से 3 ग्राम) से जूझ रहे थे, जिससे उनकी जान को खतरा था।
मुश्किल सफर के बाद अस्पताल पहुंचाया गया
स्वास्थ्य टीम ने तत्काल निर्णय लेते हुए बच्चों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। इसके बाद लगभग 96 किलोमीटर दूर जिला अस्पताल सुकमा तक एम्बुलेंस से शिफ्ट किया गया, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया।
इलाज के बाद मिली नई जिंदगी
जिला अस्पताल और पोषण पुनर्वास केंद्र में बच्चों का मलेरिया उपचार, खून चढ़ाने और पोषण सुधार के साथ गहन इलाज किया गया। कुछ ही दिनों में उनका हीमोग्लोबिन 9 ग्राम से ऊपर पहुंच गया और उनकी स्थिति में तेजी से सुधार हुआ।
परिजनों को दिया गया स्वास्थ्य परामर्श
इस दौरान बच्चों के परिजनों को पोषण, स्वच्छता और बच्चों के मानसिक विकास को लेकर जागरूक किया गया, ताकि भविष्य में ऐसी गंभीर स्थिति दोबारा न बने, अभियान के तहत सुकमा जिले में कुल 2,93,386 लोगों की जांच का लक्ष्य रखा गया है, जिनमें से अब तक 1,74,770 लोगों की जांच और उपचार पूरा हो चुका है। करीब 5,240 मरीजों को गंभीर बीमारियों के चलते उच्च स्तरीय इलाज के लिए रेफर किया गया है।




