CG News: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया ईंधन बचत और ऊर्जा संरक्षण का आह्वान
CG News: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेशवासियों से ईंधन संरक्षण और संसाधनों के संयमित उपयोग की अपील की है, उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान का समर्थन करते हुए कहा कि पेट्रोल-डीजल जैसे संसाधनों का जिम्मेदारी के साथ उपयोग करना आज राष्ट्रीय आवश्यकता बन चुका है।
ऊर्जा संरक्षण को बताया राष्ट्रनिर्माण का हिस्सा
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऊर्जा संरक्षण केवल आर्थिक जरूरत नहीं, बल्कि पर्यावरण और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य से भी जुड़ा विषय है, उन्होंने कहा कि ऊर्जा बचत की दिशा में उठाया गया हर छोटा कदम देश की आर्थिक मजबूती और पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान देता है।

सरकारी वाहनों में होगी कटौती
मुख्यमंत्री ने बताया कि उनके आधिकारिक दौरों में अब केवल जरूरी वाहनों को ही कारकेड में शामिल किया जाएगा, साथ ही मंत्रियों और विभिन्न निगम-मंडलों के पदाधिकारियों से भी सरकारी संसाधनों का संयमित उपयोग करने का आग्रह किया गया है।
सरकारी वाहन बनेंगे इलेक्ट्रिक
राज्य सरकार अब सरकारी परिवहन व्यवस्था को पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में भी काम करेगी, इसके तहत सरकारी वाहनों को चरणबद्ध तरीके से इलेक्ट्रिक वाहनों यानी EV में बदला जाएगा, सरकार का मानना है कि इससे ईंधन की बचत के साथ प्रदूषण नियंत्रण में भी मदद मिलेगी।
सार्वजनिक परिवहन अपनाने की अपील
मुख्यमंत्री ने लोगों से सार्वजनिक परिवहन का अधिक उपयोग करने, कारपूलिंग अपनाने और अनावश्यक निजी वाहन उपयोग से बचने की अपील की, उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी आदतों में बदलाव लाकर बड़ा सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है।
“नेशन फर्स्ट” की भावना पर जोर
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि ईंधन संरक्षण को जनभागीदारी का अभियान बनाना समय की जरूरत है, उन्होंने प्रदेशवासियों से जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाने और राष्ट्रहित में ऊर्जा बचत को अपनाने का आह्वान किया।


