CG News: प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने दुर्ग में योजनाओं की समीक्षा की, जनसमस्याओं के त्वरित समाधान पर दिया जोर
CG News: प्रमुख सचिव और दुर्ग जिले के प्रभारी सचिव सोनमणि बोरा ने दुर्ग जिले में अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर शासन की विभिन्न योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया, बैठक में योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, विभागीय समन्वय और आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान पर विशेष जोर दिया गया।
सुशासन तिहार के आवेदनों पर विशेष फोकस
प्रमुख सचिव ने कहा कि सुशासन तिहार के तहत प्राप्त आवेदनों का गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ गुणवत्तापूर्ण निराकरण किया जाए, उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आम नागरिकों को विभागीय सेवाओं का त्वरित लाभ मिलना चाहिए, उन्होंने कहा कि दुर्ग जिला सामाजिक, आर्थिक और प्रशासनिक दृष्टि से प्रदेश का महत्वपूर्ण जिला है, इसलिए सभी विभाग बेहतर तालमेल के साथ कार्य करें।

पेयजल, नाला सफाई और पीएम आवास पर जोर
ग्रीष्म ऋतु को देखते हुए शुद्ध पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जरूरत पड़ने पर टैंकरों से जलापूर्ति करने की बात भी कही गई, इसके साथ ही बरसात से पहले बड़े नालों की सफाई, अतिक्रमण हटाने और सैप्टिक टैंक सफाई में एसओपी का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया, नगरीय क्षेत्रों में पीएम आवास निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने और हितग्राही सम्मेलन आयोजित करने पर भी जोर दिया गया।
मनरेगा मजदूरी भुगतान शुरू
बैठक में जानकारी दी गई कि दुर्ग जिले में मनरेगा के तहत लंबित मजदूरी राशि का भुगतान शुरू हो गया है, लगभग 30 करोड़ रुपये से अधिक की राशि श्रमिकों के खातों में भेजी जा रही है, प्रमुख सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रमिकों से सीधे संपर्क कर भुगतान संबंधी जानकारी दी जाए और शिकायतों का तुरंत समाधान किया जाए।
लखपति दीदी और स्वास्थ्य योजनाओं की समीक्षा
बैठक में बताया गया कि जिले में हजारों महिलाओं को “लखपति दीदी” योजना से जोड़ा जा चुका है, स्वास्थ्य विभाग को संस्थागत प्रसव बढ़ाने और शिशु मृत्यु दर कम करने के निर्देश दिए गए, इसके अलावा स्कूलों और छात्रावासों के आसपास नशीले पदार्थों की बिक्री रोकने और छात्रावासों में जरूरी मरम्मत कार्य समय पर पूरा करने को कहा गया।
किसानों के लिए पारदर्शी व्यवस्था
कृषि विभाग को खरीफ सीजन के लिए खाद और बीज की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, साथ ही कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा गया, वन विभाग ने बैठक में जानकारी दी कि जिले में बड़े स्तर पर पौधरोपण अभियान चलाया जाएगा।


