CG News: प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने किया पीएम श्री विद्यालय कुम्हारी का निरीक्षण, विद्यार्थियों को दिए सफलता के मंत्र
CG News: आदिम जाति, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक विकास विभाग के प्रमुख सचिव और दुर्ग जिले के प्रभारी सचिव सोनमणि बोरा ने कुम्हारी स्थित पीएम श्री विद्यालय का निरीक्षण किया, इस दौरान उन्होंने विद्यालय की विभिन्न शैक्षणिक और सह-शैक्षणिक गतिविधियों का अवलोकन किया।

आधुनिक सुविधाओं का लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान प्रमुख सचिव ने विद्यालय की लाइब्रेरी, विज्ञान प्रयोगशाला, अटल लैब, स्पोर्ट्स रूम और स्मार्ट क्लास जैसी सुविधाओं को देखा, उन्होंने प्राथमिक विभाग में संचालित “जादुई पिटारा” गतिविधियों और तकनीक आधारित शिक्षण व्यवस्था की सराहना की।
विद्यार्थियों को दिए सफलता के मंत्र
विद्यार्थियों से चर्चा करते हुए प्रमुख सचिव ने कहा कि जीवन में सफलता पाने के लिए अनुशासन, कठिन परिश्रम, तप और त्याग बेहद जरूरी हैं, उन्होंने छात्रों को लक्ष्य तय कर निरंतर मेहनत करने की प्रेरणा दी, इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से उनके भविष्य के सपनों के बारे में भी पूछा। कई छात्रों ने सीए, साइबर इंजीनियर और कलेक्टर बनने की इच्छा जाहिर की।
टॉपर विद्यार्थियों का किया सम्मान
विद्यालय के उत्कृष्ट परीक्षा परिणामों और उपलब्धियों की भी सराहना की गई, प्रमुख सचिव और कलेक्टर अभिजीत सिंह ने विभिन्न कक्षाओं के टॉपर विद्यार्थियों से मुलाकात कर उन्हें सम्मानित किया।
सम्मानित विद्यार्थियों में
• कक्षा 12वीं की छात्रा रिया साहू, जिन्होंने राज्य स्तर पर चौथा स्थान हासिल किया
• कक्षा 10वीं की छात्रा साक्षी देवांगन, जिन्होंने जिला स्तर पर आठवां स्थान प्राप्त किया
• कक्षा 8वीं के पायल रजानी और नैतिक आमटे
• कक्षा 5वीं की छात्रा शिवानी पटेला सहित अन्य छात्र शामिल रहे
अधिकारियों ने विद्यालय के शिक्षकों की भी प्रशंसा की और कहा कि विद्यार्थियों की उपलब्धियों में शिक्षकों की मेहनत और मार्गदर्शन की अहम भूमिका होती है।




