CG News: दुर्ग के खपरी में सिलेंडर विस्फोट से बड़ा हादसा, एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत
CG News: दुर्ग जिले के कुम्हारी थाना क्षेत्र स्थित खपरी वार्ड में हुए गैस सिलेंडर विस्फोट ने पूरे इलाके को सदमे में डाल दिया। इस हादसे में एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौके पर ही मौत हो गई, मृतकों में होमदास वैष्णव, लक्ष्मी वैष्णव, चांदनी वैष्णव और दो साल की मासूम गोपिका वैष्णव शामिल हैं। घटना के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है।

हादसे की सूचना मिलते ही पहुंचे मंत्री
घटना की जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल और स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव तुरंत घटनास्थल पहुंचे, उन्होंने मौके का निरीक्षण कर राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी ली और स्थानीय लोगों से चर्चा की।
परिजनों को आर्थिक सहायता का ऐलान
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर मृतकों के परिजनों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की गई है।
घोषणा के अनुसार
• प्रत्येक मृतक के परिवार को 5-5 लाख रुपये की विशेष सहायता राशि दी जाएगी
• इसके अलावा जिला प्रशासन द्वारा आरबीसी प्रावधान के तहत 4-4 लाख रुपये की अतिरिक्त सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी
सरकार ने पीड़ित परिवार को हर संभव मदद देने का भरोसा दिलाया है।
मुख्यमंत्री ने जताई संवेदना
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है, उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए परिजनों के प्रति संवेदना जताई।
जनप्रतिनिधि और प्रशासन रहा मौजूद
घटनास्थल पर सांसद विजय बघेल, विधायक रिकेश सेन, डोमनलाल कोरसेवाड़ा और ईश्वर साहू सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे, दुर्ग कलेक्टर अभिजीत सिंह और जिला प्रशासन की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर राहत कार्यों की निगरानी की।



