CG News: सुकमा में ‘सिंगल विंडो सिस्टम’ बना ग्रामीणों के लिए राहत, अब नहीं लगाने पड़ रहे दफ्तरों के चक्कर
CG News: सुकमा जिले में जिला प्रशासन की नई पहल ने ग्रामीणों की मुश्किलें काफी हद तक आसान कर दी हैं। कलेक्ट्रेट परिसर में शुरू किया गया ‘सिंगल विंडो सिस्टम’ अब लोगों के लिए भरोसे और सुविधा का केंद्र बनता जा रहा है। इस व्यवस्था के जरिए अब ग्रामीणों को अलग-अलग सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे।
मुचाकी देवे की मुस्कान बनी बदलाव की पहचान
इस पहल का सबसे भावुक दृश्य तब सामने आया जब पुनर्वास केंद्र से पहुंचीं मुचाकी देवे को तुरंत राशन कार्ड उपलब्ध कराया गया, उन्होंने बताया कि पहले ऐसे जरूरी दस्तावेज बनवाने में महीनों लग जाते थे, लेकिन अब एक ही जगह पर उनका काम कुछ ही मिनटों में पूरा हो गया, मुचाकी देवे के साथ आए अन्य लोगों को भी आधार कार्ड, वोटर आईडी और आयुष्मान कार्ड जैसी सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराई गईं।
दूरस्थ गांवों तक पहुंची सुविधा
जिला मुख्यालय से दूर बसे गांवों के लोगों को भी इस व्यवस्था का सीधा लाभ मिल रहा है। मेकावाया गांव से आई कवासी रेशमा ने बताया कि परिवार का नाम राशन कार्ड में जुड़वाने की प्रक्रिया बेहद आसान रही, उन्होंने कहा कि वहां मौजूद कर्मचारी न केवल फॉर्म भरने में मदद करते हैं, बल्कि पूरी प्रक्रिया के दौरान मार्गदर्शन भी देते हैं।
एक ही छत के नीचे मिल रही कई सेवाएं
सिंगल विंडो सिस्टम के तहत अब राशन कार्ड, आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, जन्म प्रमाणपत्र, निवास प्रमाण पत्र और श्रम कार्ड जैसी कई सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं, इससे ग्रामीणों के समय और पैसे दोनों की बचत हो रही है।
प्रशासन का उद्देश्य
कलेक्टर अमित कुमार के अनुसार इस पहल का मुख्य उद्देश्य प्रशासनिक प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और जनहितकारी बनाना है, उन्होंने कहा कि दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों से आने वाले लोगों को अब बुनियादी दस्तावेजों के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे, प्रशासन के आंकड़ों के मुताबिक 16 मार्च से अब तक 3620 से अधिक नागरिक इस सुविधा का लाभ उठा चुके हैं। केवल एक दिन में ही दर्जनों आवेदनों का निराकरण किया गया।




