CG News: सुशासन तिहार: दुर्गम पहाड़ों को पार कर गोंडेरास और नीलावाया पहुंचे कलेक्टर-एसपी
CG News: छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में सुशासन तिहार के दौरान प्रशासन की संवेदनशीलता और जमीनी कामकाज की अनोखी तस्वीर सामने आई।
कलेक्टर अमित कुमार और पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण ने प्रोटोकॉल छोड़ खुद मोटरसाइकिल चलाकर 30 किलोमीटर लंबे दुर्गम रास्तों को पार किया और पहुंचविहीन गांव गोंडेरास और नीलावाया पहुंचे, यह दौरा ग्रामीणों के लिए सिर्फ प्रशासनिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि भरोसे और बदलाव की नई उम्मीद बन गया।
इमली के पेड़ के नीचे लगी चौपाल
गोंडेरास गांव में अधिकारियों ने किसी बड़े मंच के बजाय इमली के पेड़ के नीचे खाट पर बैठकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया, ग्रामीणों ने गांव में खराब पड़े सोलर प्लेट्स की समस्या बताई, जिस पर कलेक्टर ने तुरंत क्रेडा विभाग को मरम्मत के निर्देश दिए, इसके साथ ही गांव में आंगनबाड़ी और पंचायत भवन निर्माण के लिए 70 लाख रुपये की स्वीकृति भी दी गई।

मौके पर बांटे गए जरूरी दस्तावेज
सुशासन शिविर में 17 किसान क्रेडिट कार्ड, 12 जाति प्रमाण पत्र और 11 पीएम-किसान मामलों का मौके पर ही निराकरण किया गया, इसके अलावा किसान किताब और पटवारी प्रतिवेदन सहित कई जरूरी दस्तावेज भी ग्रामीणों को तत्काल उपलब्ध कराए गए।
नीलावाया में पुलिया निर्माण की घोषणा
नीलावाया पहुंचकर कलेक्टर और एसपी ने जमीन पर बैठकर चौपाल लगाई, बारिश के दिनों में ग्रामीणों को 15 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती थी, जिसे देखते हुए कलेक्टर ने मौके पर ही नाले पर पुलिया निर्माण की मंजूरी दे दी।
स्वास्थ्य सेवाओं पर भी फोकस
शिविर के दौरान 4 मोतियाबिंद मरीजों को जिला अस्पताल भेजा गया, गर्भवती महिलाओं के सुरक्षित प्रसव के लिए अधिकारियों ने विशेष निर्देश दिए और मौके पर 2 महिलाओं की गोद भराई रस्म भी पूरी कराई गई, इसके अलावा 22 बच्चों के जन्म प्रमाण पत्र बनाकर तत्काल ग्रामीणों को सौंपे गए।
“कागजी नहीं, धरातली सुशासन चाहिए”
अमित कुमार ने कहा कि शासन का उद्देश्य “नियद नेल्ला नार” योजना के जरिए हर घर तक बिजली, पानी और स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है, उन्होंने कहा कि पंचायतों को निर्माण एजेंसी बनाकर विकास कार्यों में तेजी और पारदर्शिता लाई जा रही है, गांव के सरपंच जोगा वंजामी ने कहा कि यह पहली बार है जब कोई कलेक्टर मोटरसाइकिल से गांव तक पहुंचा है। इससे ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति विश्वास बढ़ा है।


