CG News: सुकमा के नक्सल प्रभावित पूवर्ती गांव में पहली बार पूरी हुई जनगणना, विकास की नई तस्वीर आई सामने
CG News: सुकमा जिले का पूवर्ती गांव, जिसे कभी नक्सल आतंक का सबसे बड़ा गढ़ माना जाता था, अब बदलती तस्वीर की मिसाल बन रहा है। माड़वी हिड़मा और देवा बारसे के गांव पूवर्ती में पहली बार जनगणना का काम रिकॉर्ड समय में पूरा किया गया है।

तीन दिन में पूरा हुआ जनगणना कार्य
कोंटा विकासखंड के पूवर्ती गांव में जनगणना के पहले चरण का काम सिर्फ तीन दिनों में पूरा कर लिया गया। करीब 950 की आबादी और 234 मकानों वाले इस गांव में अब दो आंगनबाड़ी केंद्र और एक स्कूल संचालित हो रहा है।
आसान नहीं था यह काम
जनगणना की जिम्मेदारी संभाल रहे सहायक शिक्षक जवाराम पटेल के लिए यह काम चुनौतीपूर्ण रहा। स्थानीय गोंडी भाषा की सीमित समझ के बावजूद उन्होंने स्थानीय शिक्षकों की मदद से हर घर तक पहुंचकर सर्वे पूरा किया, कलेक्टर अमित कुमार ने जनगणना टीम के कार्य की सराहना करते हुए कहा कि कठिन और संवेदनशील क्षेत्र में इस तरह जिम्मेदारी निभाना अन्य कर्मचारियों के लिए प्रेरणादायक है।
अब डर नहीं, विकास की चर्चा
कभी जहां बंदूक और नक्सल गतिविधियों की चर्चा होती थी, वहां अब विकास और सरकारी योजनाओं की बात हो रही है। हिड़मा के एनकाउंटर और देवा बारसे के आत्मसमर्पण के बाद प्रशासन की पहुंच गांव तक बढ़ी है। पहली बार हुई जनगणना से अब गांव की वास्तविक आबादी और जरूरतों का आंकड़ा सामने आ पाया है।




