CG News: संवाद से समाधान: कमराखोल में सीएम साय ने दूर की बिजली बिल की चिंता
CG News: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने सुदूर वनांचल दौरे के दौरान ग्राम कमराखोल में आयोजित चौपाल में ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए।
बिजली बिल की चिंता पर मिला भरोसा
चौपाल के दौरान एक ग्रामीण ने बढ़ते बिजली बिल और बकाया राशि को लेकर अपनी समस्या रखी। इस पर मुख्यमंत्री ने तुरंत आश्वस्त करते हुए कहा, “परेशान होने की जरूरत नहीं है, आपकी सरकार आपके साथ है।”
उन्होंने बताया कि बिजली बिल भुगतान समाधान योजना के तहत पुराने बकाया बिलों में बड़ी राहत दी जा रही है। इस योजना का लाभ घरेलू उपभोक्ताओं, किसानों और बीपीएल परिवारों को मिल रहा है।
मौके पर दिए गए सख्त निर्देश
मुख्यमंत्री ने कलेक्टर को निर्देश दिया कि ग्राम पंचायत स्तर पर विशेष शिविर लगाए जाएं, ताकि ग्रामीणों को दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें और समस्याओं का समाधान उनके गांव में ही हो सके।
हजारों उपभोक्ता हो चुके हैं लाभान्वित
जानकारी के अनुसार, जिले में अब तक 13 हजार से अधिक उपभोक्ता इस योजना का लाभ ले चुके हैं, जिससे उन्हें 11.75 करोड़ रुपये से अधिक की छूट मिली है, कमराखोल की यह चौपाल इस बात का उदाहरण बनी कि जब शासन सीधे जनता से संवाद करता है, तो जटिल समस्याएं भी सरलता से हल हो जाती हैं और लोगों का विश्वास मजबूत होता है।




