CG News: माओवाद प्रभावित तर्रेम में स्वास्थ्य सेवाओं की नई पहचान, NQAS प्रमाणन हासिल
CG News: तर्रेम, जो कभी माओवादी प्रभाव के कारण अतिसंवेदनशील और पिछड़े क्षेत्र के रूप में जाना जाता था, आज स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक नई मिसाल बन चुका है।
स्वास्थ्य सेवाओं में बड़ा सुधार
विकासखंड उसूर का यह क्षेत्र अब बेहतर पहुंच और सुविधाओं के कारण तेजी से बदल रहा है। यहां स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर तर्रेम में प्रतिदिन 25 से 30 मरीजों की ओपीडी, सुरक्षित प्रसव सेवाएं और नियमित लैब जांच की सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, कलेक्टर संबित मिश्रा के मार्गदर्शन और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बी.आर. पुजारी के नेतृत्व में इस स्वास्थ्य केंद्र को राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (NQAS) प्रमाणन प्राप्त हुआ है।
उच्च स्कोर के साथ सफल मूल्यांकन
केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा किए गए वर्चुअल मूल्यांकन में इस केंद्र को 12 सेवाओं के आधार पर 88.19% अंक प्राप्त हुए। मूल्यांकन के दौरान सभी स्वास्थ्य कर्मियों ने राष्ट्रीय कार्यक्रमों और सेवाओं की विस्तृत जानकारी सफलतापूर्वक प्रस्तुत की, इस उपलब्धि में जिला और ब्लॉक स्तर के अधिकारियों के साथ-साथ नर्सिंग ऑफिसर, चिकित्सा अधिकारी, ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक, डाटा प्रबंधक, एएनएम और मितानिनों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
तर्रेम को मिली नई पहचान
जहां कभी यह क्षेत्र असुरक्षा और पिछड़ेपन के लिए जाना जाता था, वहीं आज यह बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं और मजबूत प्रशासनिक प्रयासों के कारण एक मॉडल स्वास्थ्य केंद्र के रूप में उभर रहा है।




