CG News: कुनकुरी-तपकरा-लवाकेरा मार्ग पर बनेगा उच्च स्तरीय पुल, सरकार ने 9.45 करोड़ रुपए किए मंजूर
CG News: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जशपुर जिले को एक और बड़ी विकास सौगात मिली है। राज्य सरकार ने कुनकुरी-तपकरा-लवाकेरा मार्ग पर श्री नदी में उच्च स्तरीय पुल और पहुंच मार्ग निर्माण के लिए 9 करोड़ 45 लाख 85 हजार रुपए की मंजूरी दी है। इस फैसले से क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
तीन राज्यों को जोड़ने वाला अहम मार्ग
यह सड़क मार्ग छत्तीसगढ़, झारखंड और ओडिशा को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग माना जाता है। पुल निर्माण के बाद तीनों राज्यों के बीच आवागमन अधिक सुरक्षित और सुगम हो जाएगा। साथ ही व्यापार, परिवहन और अन्य गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
बरसात में होती थी बड़ी परेशानी
वर्तमान में इस मार्ग पर बना सकरा पुल बरसात के दौरान लोगों के लिए बड़ी समस्या बन जाता था। नदी का जलस्तर बढ़ने पर आवाजाही पूरी तरह बाधित हो जाती थी, जिससे ग्रामीणों और राहगीरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था।
लंबे समय से की जा रही थी मांग
स्थानीय लोग लंबे समय से उच्च स्तरीय पुल निर्माण की मांग कर रहे थे। ग्रामीणों का कहना था कि बारिश के मौसम में जान जोखिम में डालकर नदी पार करनी पड़ती थी। अब प्रशासनिक मंजूरी मिलने के बाद लोगों को राहत मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।
विकास को मिलेगी नई रफ्तार
पुल निर्माण से क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और व्यापारिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। साथ ही सीमावर्ती ग्रामीण इलाकों में विकास कार्यों को भी मजबूती मिलेगी।
ग्रामीणों ने जताया मुख्यमंत्री का आभार
स्थानीय ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार जताते हुए कहा कि सरकार लगातार ग्रामीण और सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास को प्राथमिकता दे रही है। लोगों का मानना है कि यह पुल जशपुर जिले के विकास का नया द्वार साबित होगा।


