CG News: छत्तीसगढ़ को मनरेगा के तहत 1333 करोड़ की मंजूरी, लाखों श्रमिकों को मिलेगा फायदा
CG News: महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत छत्तीसगढ़ को भारत सरकार से बड़ी राहत मिली है। ग्रामीण विकास मंत्रालय ने राज्य की मांग और लंबित देनदारियों को देखते हुए कुल 1333 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की है।
मजदूरी भुगतान के लिए बड़ी राशि जारी
स्वीकृत राशि में से 800 करोड़ रुपए से अधिक मजदूरी भुगतान के लिए जारी किए गए हैं। यह राशि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) के माध्यम से सीधे श्रमिकों के बैंक खातों में भेजी जा रही है, जिससे पारदर्शिता सुनिश्चित हो रही है।
212 करोड़ का भुगतान पूरा
अब तक राज्य के श्रमिकों के खातों में 212 करोड़ रुपए की मजदूरी राशि ट्रांसफर की जा चुकी है। शेष राशि भी जल्द ही चरणबद्ध तरीके से जारी की जाएगी, जिससे ग्रामीण श्रमिकों को आर्थिक राहत मिलेगी।
जल संरक्षण कार्यों पर जोर
राज्य में “मोर गांव मोर पानी महा अभियान” के तहत जल संरक्षण और रोजगार से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। मनरेगा के माध्यम से डबरी, तालाब (नवा तरिया) और अन्य जल संरचना कार्यों को बड़े पैमाने पर स्वीकृति मिल रही है।
ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिलेगा बल
इन कार्यों से न केवल जल उपलब्धता और भू-जल स्तर में सुधार होगा, बल्कि किसानों की आय और रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार मनरेगा के जरिए रोजगार सृजन, बुनियादी ढांचे के विकास और गरीब परिवारों को आर्थिक सहायता देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।




