CG News: मोबाइल मेडिकल यूनिट बनी वनांचलों की ‘संजीवनी’, 3.5 महीने में 2000 से ज्यादा लोगों का इलाज
CG News: छत्तीसगढ़ के दूरस्थ वनांचलों और दुर्गम क्षेत्रों में मोबाइल मेडिकल यूनिट (MMU) ग्रामीणों के लिए ‘संजीवनी’ साबित हो रही है। “अस्पताल आपके द्वार” की सोच के साथ यह पहल लोगों को उनके घर के पास ही स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करा रही है।
2000 से अधिक लोगों का मुफ्त इलाज
पिछले साढ़े तीन महीनों में इस यूनिट के माध्यम से 2035 ग्रामीणों का निःशुल्क उपचार किया जा चुका है। खासतौर पर विशेष पिछड़ी जनजातियों के लिए यह सेवा बेहद लाभकारी साबित हो रही है।
पैदल सफर की परेशानी खत्म
पहले ग्रामीणों को इलाज के लिए कई किलोमीटर पैदल चलना पड़ता था, लेकिन अब प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत 15 जनवरी 2026 से यह यूनिट गांव-गांव पहुंच रही है। इससे लोगों को शहर जाने की जरूरत नहीं पड़ रही।
एक ही जगह जांच और दवा
इस मोबाइल अस्पताल में मेडिकल ऑफिसर, नर्स और लैब टेक्निशियन की टीम मौजूद रहती है। यहां बीपी, शुगर, मलेरिया और हीमोग्लोबिन जैसी जांचें मौके पर ही की जाती हैं और मरीजों को मुफ्त दवाइयां भी दी जाती हैं।
मुनादी से दी जाती है जानकारी
प्रशासन द्वारा कैंप की तारीख पहले से तय कर दी जाती है और गांवों में मुनादी कर लोगों को इसकी सूचना दी जाती है। इससे बड़ी संख्या में ग्रामीण इन सेवाओं का लाभ उठा रहे हैं, इस पहल से ग्रामीणों की सोच में भी बदलाव आ रहा है। जो लोग पहले पारंपरिक इलाज पर निर्भर थे, अब आधुनिक चिकित्सा पद्धति पर भरोसा जताने लगे हैं और समय पर जांच व इलाज करा रहे हैं।


