CG News: छत्तीसगढ़ के ‘प्रयास’ विद्यालयों ने रचा इतिहास, 10वीं-12वीं में 100% रिजल्ट, मेरिट में 13 छात्रों की एंट्री
CG News: छत्तीसगढ़ के ‘प्रयास’ आवासीय विद्यालयों ने इस बार बोर्ड परीक्षा में शानदार प्रदर्शन कर यह साबित कर दिया कि प्रतिभा संसाधनों की मोहताज नहीं होती। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की 10वीं और 12वीं परीक्षाओं में इन स्कूलों के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट परिणाम हासिल किए।
100% रिजल्ट और मेरिट में दबदबा
प्रयास विद्यालयों का इस वर्ष 10वीं और 12वीं में शत-प्रतिशत रिजल्ट रहा। खास बात यह रही कि 13 विद्यार्थियों ने टॉप-10 मेरिट सूची में जगह बनाई, जो अपने आप में बड़ी उपलब्धि है, 10वीं कक्षा की छात्रा कु. दीपांशी ने 98.83% अंक हासिल कर प्रदेश में दूसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं कई अन्य छात्रों ने भी 90% से अधिक अंक लाकर विद्यालय का नाम रोशन किया।
12वीं में भी शानदार प्रदर्शन
हायर सेकेंडरी (12वीं) परीक्षा में 128 छात्र प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुए।
• रायपुर के गुडियारी स्थित प्रयास विद्यालय की 19 छात्राओं ने 90% से अधिक अंक हासिल किए
• कोरबा की छात्रा रागिनी कंवर ने 95% अंक प्राप्त कर टॉप किया
• जीव विज्ञान विषय में 2 छात्राओं ने 100/100 अंक हासिल किए
गणित में भी रिकॉर्ड प्रदर्शन
10वीं में 6 विद्यार्थियों ने गणित में 100% अंक प्राप्त किए। कुल 119 छात्राओं में से 48 ने 90% से ज्यादा अंक हासिल किए, जो इस संस्थान की गुणवत्ता को दर्शाता है, राज्य सरकार द्वारा संचालित 17 ‘प्रयास’ विद्यालयों में बच्चों को पूरी तरह निःशुल्क शिक्षा दी जाती है। साथ ही IIT, NIT, NEET और JEE जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए उच्चस्तरीय कोचिंग भी उपलब्ध कराई जाती है।
मुख्यमंत्री और मंत्रियों ने दी बधाई
इस सफलता पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, आदिम जाति विकास मंत्री रामविचार नेताम सहित कई जनप्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों, शिक्षकों और विभागीय टीम को बधाई दी, प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद छात्रों ने जो प्रदर्शन किया है, वह पूरे देश के लिए एक प्रेरणा है। यह मॉडल दिखाता है कि सही मार्गदर्शन और अवसर मिलने पर कोई भी छात्र सफलता हासिल कर सकता है।




