CG News: 6 गायों से 25 तक का सफर, दंतेवाड़ा के ललित यादव बने डेयरी और मल्टी-फार्मिंग के रोल मॉडल
CG News: छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले के गीदम ब्लॉक के ग्राम गुमड़ा के निवासी ललित यादव ने अपनी मेहनत और लगन से सफलता की नई मिसाल पेश की है। कभी मजदूरी करने वाले ललित आज सफल डेयरी उद्यमी बन चुके हैं।
6 गायों से शुरू हुआ सफर
साल 2013 में ललित यादव ने केवल 6 गायों से पशुपालन की शुरुआत की थी। आज उनके पास 25 उन्नत नस्ल की गायों का आधुनिक डेयरी फार्म है, ललित ने जर्सी और HF क्रॉस नस्ल की गायों को अपनाकर दूध उत्पादन बढ़ाया। वर्तमान में वे रोजाना 70-80 लीटर दूध उत्पादन कर रहे हैं, जो लगभग ₹70 प्रति लीटर बिकता है।
चारे में आत्मनिर्भरता
नेपियर घास की खेती कर उन्होंने पशुओं के लिए सालभर चारा सुनिश्चित किया। इससे लागत घटी और मुनाफा बढ़ा, डेयरी के साथ-साथ ललित मुर्गी पालन और सब्जी उत्पादन भी कर रहे हैं। दूध से पनीर बनाकर ₹400 प्रति किलो तक बेचते हैं, जिससे अतिरिक्त आय होती है।
जैविक खाद से भी कमाई
उनके फार्म से निकलने वाले गोबर की भारी मांग है। किसान ₹3000-3500 प्रति ट्रैक्टर की दर से जैविक खाद खरीदते हैं, जिससे आय का एक और स्रोत तैयार हुआ है, ललित ने डेयरी शेड और फेंसिंग के लिए ₹3 लाख का बैंक ऋण लिया था, जिसे समय से पहले चुका दिया। सरकारी योजनाओं और मार्गदर्शन ने उनकी सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
मां के संस्कार बने प्रेरणा
ललित अपनी सफलता का श्रेय अपनी मां को देते हैं, जिन्होंने आंगनबाड़ी सहायिका के रूप में काम करते हुए उन्हें शिक्षित किया और आगे बढ़ने की प्रेरणा दी, ललित यादव की कहानी यह साबित करती है कि मेहनत, सही मार्गदर्शन और नई तकनीक के सहारे गांव में रहकर भी आत्मनिर्भर बना जा सकता है और दूसरों के लिए रोजगार के अवसर पैदा किए जा सकते हैं।




