CG News: बिलासपुर सिम्स में जटिल सर्जरी सफल, स्किन ग्राफ्टिंग से युवक की पलक का पुनर्निर्माण
CG News: छत्तीसगढ़ के रायपुर स्थित छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स), बिलासपुर में डॉक्टरों की टीम ने एक जटिल सर्जरी को सफलतापूर्वक अंजाम देते हुए 22 वर्षीय युवक को नई दृष्टि और सामान्य जीवन की ओर लौटने का अवसर दिया है। स्किन ग्राफ्टिंग तकनीक से आंख की निचली पलक का सफल पुनर्निर्माण किया गया।
सड़क दुर्घटना के बाद बिगड़ी थी स्थिति
जानकारी के अनुसार, युवक दिसंबर 2025 में एक सड़क दुर्घटना का शिकार हुआ था। इस हादसे में उसकी आंख की निचली पलक गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गई थी, जिससे वह आंख को पूरी तरह बंद नहीं कर पा रहा था। प्रारंभिक इलाज के बाद भी स्थिति में सुधार नहीं होने पर वह सिम्स के नेत्र विभाग पहुंचा।
विशेषज्ञों ने लिया सर्जरी का निर्णय
नेत्र विशेषज्ञों ने विस्तृत जांच के बाद सर्जरी का निर्णय लिया। ऑपरेशन के दौरान पुराने स्कार टिश्यू को हटाकर पलक की संरचना को दोबारा सामान्य करने के लिए उन्नत स्किन ग्राफ्टिंग तकनीक का उपयोग किया गया।
जटिल ऑपरेशन के बाद मिला बेहतर परिणाम
यह सर्जरी बेहद जटिल थी, क्योंकि ग्राफ्ट का आकार बड़ा था। इसके बावजूद डॉक्टरों ने सफलतापूर्वक पलक और गाल के हिस्से का पुनर्निर्माण किया। ऑपरेशन के बाद मरीज की आंख की स्थिति में तेजी से सुधार हुआ और अब वह सामान्य रूप से देख पा रहा है।
विशेषज्ञ टीम ने निभाई अहम भूमिका
इस सफल सर्जरी में डॉ. सुचिता सिंह, डॉ. प्रभा सोनवानी, डॉ. कौमल देवांगन, डॉ. विनोद ताम्कनंद, डॉ. डेलीना नेल्सन, डॉ. संजय चौधरी और डॉ. अनिकेत सहित नर्सिंग और अन्य विभागों की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही, सर्जरी के सफल होने के बाद मरीज की पलक सामान्य स्थिति में लौट आई है और चेहरे की विकृति भी दूर हो गई है। इससे मरीज और उसके परिजनों ने राहत की सांस ली और डॉक्टरों का आभार जताया।
विश्वस्तरीय इलाज का उदाहरण
सिम्स के अधिष्ठाता डॉ. रमणेश मूर्ति और चिकित्सा अधीक्षक डॉ. लखन सिंह ने कहा कि यह उपलब्धि संस्थान की आधुनिक तकनीक और विशेषज्ञता का प्रमाण है। इस सफलता ने एक बार फिर साबित किया है कि सरकारी अस्पतालों में भी विश्वस्तरीय उपचार संभव है।

