CG News: बरसात से पहले नगरीय निकायों को सख्त निर्देश, 31 मई तक नाला-नालियों की सफाई अनिवार्य
CG News: छत्तीसगढ़ में आगामी वर्षा ऋतु को देखते हुए नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने सभी नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायतों को जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए हैं। विभाग ने जलभराव रोकने, बाढ़ से बचाव और संक्रामक बीमारियों की रोकथाम के लिए समय रहते सभी तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा है।
31 मई तक सफाई का लक्ष्य
उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने समीक्षा बैठक में निर्देश दिए हैं कि 31 मई तक सभी बड़े नालों, नालियों और ड्रेनेज सिस्टम की पूरी तरह सफाई कर ली जाए। साथ ही बारिश के दौरान जलभराव रोकने के लिए आवश्यक उपाय किए जाएं, उन्होंने स्पष्ट किया कि जून के पहले सप्ताह में राज्य स्तरीय टीम निकायों में जाकर ड्रेनेज सफाई और तैयारियों का भौतिक निरीक्षण करेगी। यदि कार्य संतोषजनक नहीं मिला, तो संबंधित अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

अतिक्रमण हटाने और जलस्रोत बचाने के निर्देश
विभाग ने नाले-नालियों से अतिक्रमण हटाने, पानी के बहाव में बाधा बनने वाली सामग्री हटाने और नदी व अन्य जलस्रोतों को प्रदूषण से बचाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही शहर के मुख्य मार्गों, गलियों और चौराहों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।
बाढ़ नियंत्रण कक्ष और आपदा तैयारी
सभी निकायों को बाढ़ नियंत्रण कक्ष स्थापित करने, आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने और नोडल अधिकारी नियुक्त करने के निर्देश दिए गए हैं। यह नियंत्रण कक्ष 24 घंटे सक्रिय रहेंगे और उनके संपर्क नंबरों का व्यापक प्रचार किया जाएगा।
संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान और स्वास्थ्य सुरक्षा
निचली बस्तियों और बाढ़ संभावित क्षेत्रों की पहचान कर सुरक्षित स्थानों की व्यवस्था करने को कहा गया है। साथ ही बाढ़ के दौरान और बाद में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने और संक्रामक बीमारियों से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
सुरक्षा के लिए अतिरिक्त निर्देश
विभाग ने पेड़ों पर लगे साइन बोर्ड, विज्ञापन, बिजली तार और अन्य जोखिम भरी सामग्री हटाने के भी निर्देश दिए हैं, ताकि बारिश के दौरान किसी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके, सरकार का मानना है कि यदि समय रहते इन निर्देशों का पालन किया गया, तो बारिश के दौरान जलभराव और बाढ़ जैसी समस्याओं से काफी हद तक बचा जा सकता है।

