CG News: मंत्री लखनलाल देवांगन ने वेदांता पावर प्लांट हादसे का किया निरीक्षण, जांच और FIR के दिए सख्त निर्देश
CG News: छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में वेदांता पावर प्लांट में हुए हादसे के बाद राज्य सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने घटनास्थल का दौरा कर हालात का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की।
तकनीकी जांच और FIR के निर्देश
मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हादसे के तकनीकी कारणों की गहराई से जांच कराई जाए और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, सिंघीतराई में आयोजित बैठक में जिला प्रशासन, पुलिस और वेदांता प्रबंधन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में हादसे के कारणों, सुरक्षा मानकों और श्रम कानूनों के पालन की समीक्षा की गई।

पीड़ित परिवारों को सहायता के निर्देश
मंत्री ने कलेक्टर को निर्देशित किया कि प्रभावित परिवारों को मुआवजा, रोजगार और जरूरत पड़ने पर पेंशन जैसी सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। साथ ही श्रमिकों के ईएसआईसी और पीएफ से जुड़ी जानकारी भी ली गई।
दोषियों पर कड़ी कार्रवाई का संकेत
मंत्री ने साफ कहा कि इस घटना के जिम्मेदार लोगों को किसी भी हालत में नहीं छोड़ा जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की ओर से मृतकों और घायलों के लिए सहायता राशि की घोषणा की जा चुकी है।
अस्पताल पहुंचकर घायलों से की मुलाकात
निरीक्षण के बाद मंत्री ने रायगढ़ जिले के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती घायल मजदूरों से मुलाकात की। उन्होंने मेडिकल कॉलेज अस्पताल, एपेक्स, मेट्रो और जिंदल-फोर्टिस अस्पताल पहुंचकर मरीजों का हाल जाना और परिजनों से चर्चा की।
बेहतर इलाज के दिए निर्देश
मंत्री ने अस्पताल प्रबंधन को निर्देश दिए कि घायलों का बेहतर और निरंतर इलाज सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जब तक सभी श्रमिक पूरी तरह स्वस्थ नहीं हो जाते, तब तक उनका इलाज जारी रहेगा, मंत्री ने श्रमिकों और उनके परिवारों को आश्वस्त किया कि कंपनी के मुआवजे के अलावा सरकार की ओर से भी हर संभव मदद दी जाएगी।

