CG News: CM साय ने 515 नई PACS समितियों का किया शुभारंभ, किसानों को मिलेगा खाद-बीज और ऋण का लाभ
CG News: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेश में 515 नई प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों (PACS) का वर्चुअल शुभारंभ किया। उन्होंने इसे किसानों के लिए ऐतिहासिक पहल बताते हुए कहा कि यह “सहकार से समृद्धि” के संकल्प को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

सहकारी समितियों की संख्या बढ़कर 2573 हुई
नई समितियों के जुड़ने से प्रदेश में कुल सहकारी समितियों की संख्या बढ़कर 2,573 हो गई है। इससे किसानों को उनके गांव के पास ही जरूरी सुविधाएं उपलब्ध होंगी और कृषि कार्यों में आसानी आएगी।
खाद, बीज और ऋण अब गांव में ही उपलब्ध
अब PACS समितियां बहुउद्देश्यीय केंद्र के रूप में काम करेंगी। किसानों को खाद, बीज और अल्पकालीन ऋण जैसी सुविधाएं आसानी से मिलेंगी। साथ ही धान बेचने की प्रक्रिया भी सरल होगी और किसान अपनी नजदीकी समिति में ही उपज बेच सकेंगे।
डिजिटल सुविधाएं और माइक्रो एटीएम
सरकार ने पहले से संचालित 2058 समितियों को कंप्यूटरीकृत कर दिया है और उनमें माइक्रो एटीएम भी लगाए गए हैं। इससे किसान 20 हजार रुपये तक की राशि आसानी से निकाल सकेंगे।
आदिवासी क्षेत्रों को मिलेगा विशेष लाभ
नई 515 समितियों में से 197 समितियां आदिवासी क्षेत्रों में स्थापित की गई हैं, जिससे दूरदराज के किसानों को सीधा फायदा मिलेगा। भविष्य में इन समितियों को दुग्ध उत्पादन, मछली पालन और अन्य कृषि गतिविधियों से भी जोड़ा जाएगा।
25 से अधिक सरकारी सेवाएं
समितियों में लोक सेवा केंद्र भी शुरू किए जाएंगे, जहां किसानों और ग्रामीणों को एक ही स्थान पर 25 से अधिक सरकारी सेवाएं मिल सकेंगी, नई PACS समितियां किसानों के लिए सुविधा, पारदर्शिता और आत्मनिर्भरता की दिशा में बड़ा कदम साबित होंगी, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
